खास खबर🔥🔥🔥

199 वाहिनी CRPF की बड़ी कार्रवाई, 14 नक्सल डंप बरामद

07 रायफल, 10 IED, डेटोनेटर समेत 99 प्रकार की सामग्री जब्त ।

बीजापुर।

नक्सल विरोधी अभियान के तहत केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 199वीं वाहिनी ने 5 सितंबर 2026 को बड़ी सफलता हासिल करते हुए पीडिया एवं कुप्पागुडा क्षेत्र के एड्री, हर्रा, नयापारा और सरपंचपारा गांवों के घने जंगलों से 14 नक्सल डंप बरामद किए हैं। बरामद सामग्री में हथियार, IED, डेटोनेटर, वायरलेस सेट सहित कुल 99 प्रकार की सामग्री शामिल है।

प्राप्त विश्वसनीय आसूचना के आधार पर 199 वाहिनी के कमांडेंट श्री आनंद कुमार के मार्गदर्शन एवं उप कमांडेंट श्री दर्शन यादव की देखरेख में अभियान चलाया गया। बी/199 कंपनी एवं यंग प्लाटून का नेतृत्व निरीक्षक अजीत कुमार डेका तथा एफ/199 कंपनी का नेतृत्व निरीक्षक नीरज कुमार ने किया।

संयुक्त टीम ने एड्री, हर्रा, नयापारा एवं सरपंचपारा के घने जंगलों में चरणबद्ध तरीके से सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान जवानों ने जंगल क्षेत्र में छिपाकर रखे गए नक्सल डंपों को बरामद किया।

हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद

सुरक्षाबलों को बरामद सामग्री में 07 रायफल, जिनमें 01 .303 बोल्ट एक्शन रायफल, 05 भरमार रायफल और 01 देशी 12 बोर रायफल शामिल हैं। इसके अलावा 10 IED, 08 डेटोनेटर, कोडेक्स वायर, एक वायरलेस सेट (बिना बैटरी) समेत IED निर्माण में इस्तेमाल होने वाली विभिन्न सामग्री एवं इलेक्ट्रिक सामान बरामद किए गए।

इसके साथ ही प्लास्टिक कंटेनर, बड़े स्टील कंटेनर, नक्सली कपड़े सहित कुल 99 प्रकार की वस्तुएं सुरक्षा बलों के हाथ लगी हैं।

कभी नक्सल गतिविधियों का गढ़ रहा क्षेत्र

एड्री, हर्रा, पीडिया, कुप्पागुडा और आसपास का जंगल क्षेत्र पूर्व में नक्सली गतिविधियों के लिहाज से बेहद संवेदनशील माना जाता रहा है। CRPF 199 वाहिनी द्वारा लगातार चलाए जा रहे अभियान और क्षेत्र में बढ़ती सुरक्षा गतिविधियों के चलते नक्सली प्रभाव में कमी आई है तथा ग्रामीणों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है।

अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

199 वाहिनी के कमांडेंट श्री आनंद कुमार ने कहा कि बल आम नागरिकों की सुरक्षा, क्षेत्र में शांति एवं विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी विश्वसनीय आसूचना के आधार पर नक्सल विरोधी अभियानों को और प्रभावी बनाया जाएगा तथा क्षेत्र को पूर्णतः नक्सलमुक्त बनाने की दिशा में लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed