सीआरपीएफ 85वीं बटालियन और बीजापुर पुलिस के बीच मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच ।
खेल के मैदान पर दिखा सौहार्द, आपसी समन्वय और टीम भावना का शानदार नजारा
बीजापुर।
खेल भावना, आपसी समन्वय और विश्वास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 85वीं बटालियन सीआरपीएफ मुख्यालय परिसर में सीआरपीएफ 85वीं बटालियन और बीजापुर जिला पुलिस बल के बीच मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। आयोजन में दोनों बलों के अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीजापुर के पुलिस अधीक्षक श्री उमेश प्रसाद गुप्ता (IPS) रहे।
उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल को अनुशासन, टीम भावना और आपसी भाईचारे का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
इस अवसर पर 85वीं बटालियन के श्री पवन कुमार, द्वितीय कमान अधिकारी, श्री ज्योति प्रकाश शर्मा, उप कमांडेंट, सहित अन्य अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में जवान उपस्थित रहे। अधिकारियों और जवानों ने मैदान पर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और पूरे मैच का आनंद लिया।
मैत्रीपूर्ण मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया। मैदान पर प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ दोनों सुरक्षा बलों के बीच सौहार्द और भाईचारे की भावना भी देखने को मिली।
आयोजकों के अनुसार, इस तरह के आयोजन जवानों को मानसिक तनाव से राहत देने के साथ-साथ उनके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में सहायक होते हैं। साथ ही, ऐसे आयोजन सीआरपीएफ और जिला पुलिस के बीच मैदानी स्तर पर आपसी तालमेल, विश्वास और सहयोग को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच के माध्यम से दोनों सुरक्षा बलों ने खेल भावना के साथ-साथ आपसी समन्वय और सौहार्द का भी संदेश दिया।