🔥196वीं वाहिनी CRPF ने सुदूर और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में मनाया राष्ट्रीय एकता दिवस, जवानों ने स्थानीय नागरिकों के साथ लगाई एकता दौड़
🔥सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति समर्पण का लिया संकल्प🔥
बीजापुर
। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में 196वीं वाहिनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा छत्तीसगढ़ के सुदूर एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में स्थित कैंप एफओबी ताड़पाला, पुजारी कांकेर, नम्बी तथा वाहिनी मुख्यालय महादेव घाटी, बीजापुर में राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर सुबह सबसे पहले वाहिनी के अधिकारियों एवं जवानों द्वारा राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न कैंपों में एकता दौड़ का आयोजन किया गया। 196वीं वाहिनी के कमांडेंट श्री कुमार मनीष ने एकता दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके पश्चात अधिकारियों एवं जवानों ने स्थानीय नागरिकों और बच्चों के साथ दौड़ में उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
यह एकता दौड़ केवल शारीरिक फिटनेस तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसके माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्र के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करने का संदेश दिया गया।
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर वाहिनी के सभी अधिकारियों एवं जवानों ने राष्ट्र की एकता और अखंडता को बनाए रखने, उसकी सुरक्षा करने तथा देश के प्रति सदैव समर्पित रहने की शपथ ली। इस दौरान भारत की एकता और अखंडता के शिल्पकार सरदार वल्लभभाई पटेल को उनकी 151वीं जयंती पर श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
उल्लेखनीय है कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की नींव मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। वहीं केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल को 19 मार्च 1950 को ऐतिहासिक अवसर पर ‘प्रेसीडेंट्स कलर्स’ से सम्मानित किया गया था। यह सम्मान प्राप्त करने वाला सीआरपीएफ देश का पहला केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल बना, जो बल के गौरवशाली इतिहास, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक है।
इस अवसर पर वाहिनी मुख्यालय में श्री दिनेश, द्वितीय कमान अधिकारी (2-IC), श्री कुणाल किशोर, उप कमांडेंट, श्री गुलशन तीर्की, उप कमांडेंट, श्री विनोद कुमार, सहायक कमांडेंट, श्री तरुण मीना, सहायक कमांडेंट एवं डॉ. शुभम नितिन पवार, चिकित्सा अधिकारी (एमओ) सहित सभी अधीनस्थ अधिकारी एवं अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से 196वीं वाहिनी ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता, अनुशासन और देशभक्ति के संदेश को सुदूर एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों तक पहुंचाते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।