खास खबर🔥🔥🔥

इंदिरा मार्केट के महादेव मंदिर में गूंजा कृष्ण नाम, भजन-कीर्तन में झूमे भक्त ।


श्री बजरंग मानस सेवा समिति के भजनों ने बांधा समां, भगवान श्रीकृष्ण के प्रकट उत्सव तक भक्तिमय रहा माहौल ।


बीजापुर।

इंदिरा मार्केट स्थित महादेव मंदिर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर परिसर में आयोजित भजन-कीर्तन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सनातनी श्रद्धालु शामिल हुए। पूरा पंडाल भक्तों से खचाखच भरा रहा और देर रात तक भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।


कार्यक्रम का शुभारंभ संध्या 9 बजे हुआ। श्री बजरंग मानस सेवा समिति के सदस्यों ने भजन-कीर्तन की मनमोहक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। अरुण विश्वकर्मा के संगीत और भजनों ने ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु खुद को रोक नहीं सके और भगवान के भजनों पर जमकर नृत्य करते हुए नजर आए। भक्ति और संगीत के इस संगम ने पूरे वातावरण को कृष्णमय बना दिया।
भगवान श्रीकृष्ण के प्रकट उत्सव के समय तक कार्यक्रम लगातार चलता रहा। जैसे-जैसे मध्यरात्रि में श्रीकृष्ण जन्म का समय नजदीक आया, श्रद्धालुओं में उत्साह और उमंग बढ़ती गई। भगवान के प्रकट होते ही जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा और भक्तों ने श्रद्धा एवं उल्लास के साथ जन्माष्टमी का उत्सव मनाया।
कार्यक्रम में मंदिर समिति के सदस्य श्री दिनेश एवं चंदू भैया (गणपति होटल) सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे। इस दौरान श्री बजरंग मानस सेवा समिति के अध्यक्ष श्री टी.आर. पात्रे, कोषाध्यक्ष जगदीश प्रसाद विश्वकर्मा, अरुण विश्वकर्मा, प्रधान प्राशु तथा सिटोज विश्वकर्मा सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं को किला नारियल एवं खट्टे चावल का प्रसाद वितरित किया गया। प्रसाद ग्रहण करने के बाद श्रद्धालुओं को विदा किया गया।
जन्माष्टमी की पूरी रात महादेव मंदिर परिसर में भक्ति, संगीत, नृत्य और कृष्ण नाम की गूंज सुनाई देती रही। श्रद्धालुओं ने इस आयोजन को आध्यात्मिक आनंद और सामाजिक एकता का सुंदर अवसर बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *