सीआरपीएफ 22वीं वाहिनी ने छात्रावास की छात्राओं के साथ मनाया रक्षाबंधन, जवानों की कलाई पर बंधी राखी ।
बीजापुर। दिनांक 28 अगस्त 2026 को 22वीं वाहिनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), गोरना कैंप, बीजापुर में बालिका बालगृह छात्रावास की छात्राओं के साथ रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया।
रक्षाबंधन के इस विशेष अवसर पर 22वीं वाहिनी के अधिकारियों एवं जवानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। छात्रावास से पहुंची छात्राओं ने जवानों एवं अधिकारियों की कलाई पर राखी बांधी और मिठाई खिलाकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का संदेश दिया।
वहीं, सीआरपीएफ के अधिकारियों एवं जवानों ने छात्राओं को मिठाई एवं उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। उपहार पाकर छात्राओं के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी और सभी बच्चे इस आयोजन को लेकर काफी उत्साहित नजर आए।
इस अवसर पर जवानों ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि समाज में आपसी स्नेह, विश्वास, भाईचारे और सामाजिक जुड़ाव को मजबूत करने का भी माध्यम है।
22वीं वाहिनी सीआरपीएफ द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम ने सुरक्षा बलों और स्थानीय बच्चों के बीच आत्मीयता एवं विश्वास का रिश्ता और मजबूत किया। आयोजन के दौरान पूरा वातावरण अपनत्व, खुशी और भाईचारे की भावना से सराबोर रहा