196 बटालियन में हर्षोल्लास से मनाया गया रक्षाबंधन ।
जवानों की कलाई पर सजा प्रेम और विश्वास का धागा, छात्राओं ने बांधी राखी ।
बीजापुर। 28 अगस्त 2026 को 196 बटालियन मुख्यालय महादेव घाटी में रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास, आत्मीयता और भाईचारे की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में स्थानीय स्कूल एवं कॉलेज की छात्राओं ने बटालियन पहुंचकर अधिकारियों एवं जवानों की कलाई पर राखी बांधी और उनकी लंबी उम्र, उत्तम स्वास्थ्य एवं सुरक्षित जीवन की कामना की।
राखी बंधवाने के बाद जवानों ने भी बहनों को रक्षा का वचन देते हुए उपहार भेंट किए। इस दौरान जवानों और छात्राओं के बीच आत्मीयता एवं भावनात्मक जुड़ाव का दृश्य देखने को मिला। यह आयोजन सुरक्षा बलों और स्थानीय समाज के बीच मजबूत होते रिश्तों तथा आपसी विश्वास का प्रतीक बना।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कमांडेंट कुमार मनीष ने सभी बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि विश्वास, समर्पण और सुरक्षा के संकल्प का भी प्रतीक है। स्थानीय बहनों द्वारा जवानों की कलाई पर राखी बांधना सुरक्षा बलों और आम जनता के बीच कायम गहरे भावनात्मक संबंधों को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि जवानों को स्थानीय समाज से मिलने वाला स्नेह और सम्मान उन्हें राष्ट्र एवं समाज की सेवा के लिए और अधिक उत्साह से कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल सभी बहनों का आभार व्यक्त किया।
196 बटालियन शांति, सुरक्षा और विकास के लिए सदैव तत्पर रहेगी। साथ ही स्थानीय जनता के साथ आपसी विश्वास, सहयोग और सौहार्द को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। रक्षाबंधन का यह कार्यक्रम सुरक्षा बलों और स्थानीय समुदाय के बीच भाईचारे, अपनत्व और सामाजिक समरसता का संदेश देकर संपन्न हुआ।