ब्रेकिंग न्यूज🔥🔥🔥

 

पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव के निर्देशन में जिला यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से शहर में विशेष सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

 

इसी क्रम में दिनांक 24 जून 2026 एवं 25 जून 2026 को शहर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों एवं मार्गों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाना, मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चलाना, बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाना, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाना, नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन चलाना, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करना, निर्धारित गति सीमा से अधिक तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना, नशे की हालत में वाहन चलाना तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान दिनांक 24 जून 2026 को 35 प्रकरणों में ₹11,300 तथा दिनांक 25 जून 2026 को 33 प्रकरणों में ₹12,700 का समन शुल्क वसूल किया गया। इस प्रकार दो दिनों में कुल 68 प्रकरणों में ₹24,000 की चालानी कार्रवाई की गई।

कार्यवाही के दौरान नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन चलाने के मामलों में उनके पालकों को बुलाकर यातायात नियमों एवं कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई तथा भविष्य में बच्चों को वाहन न देने की समझाइश दी गई।

यातायात प्रभारी श्री केशव ठाकुर ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें, शराब या अन्य किसी नशे की अवस्था में वाहन बिल्कुल न चलाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें तथा नाबालिग बच्चों को किसी भी परिस्थिति में वाहन चलाने के लिए वाहन उपलब्ध न कराएं।

उन्होंने यह भी कहा कि बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रकरण तैयार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि नियमों की अवहेलना करने वालों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

यातायात पुलिस बीजापुर ने आम नागरिकों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं, अपने परिवार तथा अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए करें। सड़क पर आपकी एक छोटी-सी सावधानी किसी अनमोल जीवन को बचा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed