योग से स्वस्थ तन-मन का संदेश: बीजापुर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिला स्तरीय योगाभ्यास कार्यक्रम सम्पन्न ।
बीजापुर, 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला संसाधन केंद्र (डीपीआरसी) बीजापुर में जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस एवं वन विभाग खबर के अधिकारियों-कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में नागरिकों और पुनर्वासित युवाओं ने सहभागिता कर योग के प्रति अपनी जागरूकता एवं प्रतिबद्धता का परिचय दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक श्री नीलकंठ टेकाम ने दीप प्रज्वलन एवं योगाभ्यास के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास स्वस्थ और संतुलित जीवन की आधारशिला है।
विधायक श्री टेकाम ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग तनावमुक्त रहने, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने तथा शरीर को स्वस्थ रखने का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम है। उन्होंने लोगों को प्रतिदिन योग करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन से ही समृद्ध समाज एवं राष्ट्र का निर्माण संभव है।इस दौरान उपस्थित जनसमूह को विधायक श्री नीलकंठ टेकाम ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री विश्वदीप, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमन झा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रकांत गवर्ना,अपर कलेक्टर श्री भूपेन्द्र अग्रवाल, संयुक्त कलेक्टर श्री जागेश्वर कौशल एवं श्री उत्तम सिंह पंचारी सहित जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, वन विभाग तथा अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की गतिविधियों का अभ्यास किया।
विशेष रूप से पुनर्वासित युवाओं ने भी कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। उनकी सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को और अधिक प्रेरणादायी बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान योग के महत्व, स्वस्थ जीवनशैली और मानसिक संतुलन बनाए रखने में योग की भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया। पूरे आयोजन में उत्साह, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला।
अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास करने तथा अपने परिवार एवं समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का यह आयोजन स्वास्थ्य, सामूहिक सहभागिता और सकारात्मक जीवनशैली के संदेश के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।