🔥PV एप से फसल गिरदावरी का पटवारियों ने किया बहिष्कार, अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी🔥
बीजापुर।
खरीफ फसल गिरदावरी वर्ष 2026-27 को लेकर राजस्व पटवारी संघ जिला बीजापुर ने PV (फसल भौतिक सत्यापन) एप के माध्यम से गिरदावरी कार्य का पूर्णतः बहिष्कार करने का ऐलान किया है।
संघ ने इस संबंध में कलेक्टर बीजापुर को ज्ञापन सौंपकर पूर्व की व्यवस्था के अनुसार भुइयां पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन फसल गिरदावरी कराने की मांग की है।
पटवारी संघ का कहना है कि शासन द्वारा 17 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक फसल गिरदावरी के लिए समय निर्धारित किया गया था और पटवारी DCS एवं ऑनलाइन फसल एंट्री का कार्य कर रहे थे।
इसी बीच बिना पूर्व सूचना के पटवारी आईडी से ऑनलाइन फसल एंट्री बंद कर दी गई तथा 18 सितंबर को PV एप के माध्यम से फसल गिरदावरी करने के निर्देश जारी किए गए।
संघ ने आरोप लगाया कि वर्तमान DCS नक्शे में तकनीकी खामियों के कारण मौके पर विभाजित किए गए बड़ी संख्या में नक्शे शामिल नहीं हो पाए हैं। ऐसे में जिन खसरों का नक्शा विभाजन नहीं हुआ है, उनकी मौके पर पहचान और फसल सत्यापन को लेकर व्यावहारिक कठिनाइयां सामने आ रही हैं।
पटवारियों के मुताबिक वर्तमान समय में खेतों में खरीफ फसल खड़ी है और कई स्थानों पर पानी भराव की स्थिति है। ऐसे में प्रत्येक खेत के चारों कोनों से PV एप में फोटो लेना बेहद कठिन है। संघ ने यह भी कहा कि जिले के कई गांवों में 1500 से लेकर 15 हजार तक खसरे फसल गिरदावरी के लिए शेष हैं, जिन्हें कम समय में भौगोलिक परिस्थितियों के बीच पूरा करना संभव नहीं है।
पटवारी संघ ने आशंका जताई कि जल्दबाजी में PV एप के माध्यम से गिरदावरी कराने से धान सहित अन्य खरीफ फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीदी की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है और बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज बेचने से वंचित हो सकते हैं।
संघ ने मांग की है कि फसल गिरदावरी पूर्व वर्षों की तरह भुइयां पोर्टल के माध्यम से कराई जाए, ताकि समर्थन मूल्य पर खरीफ फसलों की खरीदी की प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो सके।
राजस्व पटवारी संघ जिला बीजापुर ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि दबाव बनाकर PV एप से फसल गिरदावरी का कार्य कराया गया तो संघ के समस्त पटवारी बिना पूर्व सूचना के अनिश्चितकालीन हड़ताल एवं धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। संघ ने इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन की होने की बात कही है।
ज्ञापन की प्रतिलिपि बीजापुर, भैरमगढ़, भोपालपटनम और उसूर के अनुविभागीय अधिकारियों तथा संबंधित तहसीलदारों को भी प्रेषित की गई है।