🔥खास खबर🔥🔥🔥

🔥टीईटी अध्यादेश की मांग को लेकर एकजुट हुए बीजापुर के शिक्षक संगठन, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा को सौंपा ज्ञापन🔥

🔥ज्ञापन पर त्वरित संज्ञान लेते हुए पूर्व मंत्री ने प्रधानमंत्री कार्यालय को किया प्रेषित, पुरानी पेंशन और वेतन विसंगति का मुद्दा भी उठाया🔥

बीजापुर।

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में विभिन्न शिक्षक संगठनों ने एकजुटता दिखाते हुए शिक्षक हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर 19 सितंबर 2026 को पूर्व मंत्री एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष महेश गागड़ा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जी. वेंकट तथा भाजपा बीजापुर जिला अध्यक्ष घासीराम नाग को ज्ञापन सौंपा।

सर्व शिक्षक संघ के जिला सह संचालक कैलाश रामटेके ने बताया कि ज्ञापन में मुख्य रूप से शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को लेकर अध्यादेश लाने की मांग की गई है। इसके साथ ही पुरानी पेंशन योजना लागू करने, पदोन्नति में वेतन विसंगति दूर करने सहित शिक्षक हितों से जुड़े अन्य विषयों को भी प्रमुखता से उठाया गया।

ज्ञापन सौंपने पहुंचे शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधियों से पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने परिचय प्राप्त किया और शिक्षक संगठनों की मांगों को गंभीरता से सुना। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उन्होंने ज्ञापन पर तत्काल संज्ञान लेते हुए इसे प्रधानमंत्री कार्यालय को प्रेषित किया। साथ ही शिक्षक संगठनों से अपील की कि प्रदेश के सभी सांसदों के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम पत्र एवं ज्ञापन भेजकर टीईटी अध्यादेश की मांग को मजबूती से रखा जाए।

शिक्षक संगठनों की ओर से कहा गया कि विभागीय टीईटी के मुद्दे के बजाय अध्यादेश लाने के लिए सभी शिक्षक संगठन एकजुट होकर सांसदों को ज्ञापन सौंपने का अभियान चलाएं। उनका कहना है कि यदि अध्यादेश के माध्यम से इस संबंध में कानून बनाया जाता है, तो शिक्षकों की समस्या का स्थायी समाधान हो सकता है।

ज्ञापन में शिक्षा का अधिकार कानून वर्ष 2010 से लागू होने का उल्लेख करते हुए मांग की गई कि टीईटी से संबंधित प्रावधान भी वर्ष 2010 से अथवा छत्तीसगढ़ में राजपत्र लागू होने की तिथि से प्रभावी किए जाएं। शिक्षक संगठनों ने इसे देशभर के लगभग 25 लाख शिक्षकों और उनके परिवारों से जुड़ा विषय बताया।

शिक्षक प्रतिनिधियों ने पुरानी पेंशन बहाली, पदोन्नति तथा वेतन विसंगति दूर करने की मांग को भी प्रमुखता से उठाया। इस दौरान शिक्षक संगठनों ने आपसी एकता के साथ संघर्ष आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

ज्ञापन सौंपने वालों में छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ से मो. जाकिर खान, जगबंधु मांझी, सहायक शिक्षक फेडरेशन से राजेश मिश्रा, मोहसीन खान, ओनेश्वर झाड़ी, समैया कावरे, भूपत नक्का, नागेश गुरला, लछिन्दर हेमला, दिनेश कोलमुल, छत्तीसगढ़ शालेय शिक्षक संघ से प्रहलाद जैन, वसीम खान, विजय चापड़ी, योगेश वासम, महादेव चापा, संजय चितुर, महेन्द्र काशी, अरुण सिंह, मनोज कावटी सहित महिला पदाधिकारियों में कमल रंजीता, उर्मिला लकड़ा, संगीता पुजारी और सरस्वती नुरेटी उपस्थित रहीं।

शिक्षक संगठनों ने कहा कि सभी संगठन एकजुट होकर मांगों को लेकर आगे बढ़ें, ताकि शिक्षक हितों से जुड़े इन मुद्दों का स्थायी समाधान हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *