खास खबर🔥🔥🔥

229 बटालियन, केरिपुबल ने गर्व एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया 14वाँ स्थापना दिवस ।

मातृभूमि की रक्षा में सदैव अग्रणी 229 बटालियन, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल, बीजापुर (छत्तीसगढ़) ने दिनांक 29/04/2026 को अपना 14वाँ स्थापना दिवस पूरे जोश, गर्व, और देशभक्ति के जज्बे के साथ मनाया।

कार्यक्रम की शुरूआत श्री ब्रजेश कुमार सिंह, कमाण्डेन्ट-229 बटालियन द्वारा अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए क्वार्टर गार्ड पर सलामी दी गई जिसमें पूरा वातावरण देश-भक्ति से ओतप्रोत हो उठा।

तत्पश्चात आयोजित विशेष सैनिक सम्मेलन में कमाण्डेंट 229 बटालियन, केरिपुबल ने बटालियन की गौरवशाली वीरगाथाओं को याद करते हुए जवानों में नई उर्जा का संचार किया। उन्होनें कहा कि अपने गठन के प्रारंभ से ही इस वाहिनी के बहादुर जवानों एवं अधिकारियों ने पूर्ण निष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण से राष्ट्र सेवा हेतु सतत कार्य करते हुए 229 बटालियन को इस उँचाई तक पहुँचाया है।

इस महत्वपूर्ण अवसर को और अधिक स्मरणीय बनाने हेतु बटालियन द्वारा एक आकर्षक स्मारिका (Souvenir) का प्रकाशन किया गया, जिसमें बटालियन के गौरवशाली इतिहास, उत्कृष्ट परिचालनिक अभियानो तथा वीर जवानों के साहसिक कार्यों का विस्तृत वर्णन किया गया है। साथ ही, 229 बटालियन द्वारा एक बेहतरीन डॉक्यूमेंट्री फिल्म का भी निर्माण किया गया, जिसमें बटालियन की कार्यकुशलता, समर्पण, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है। यह डॉक्यूमेंट्री न केवल बटालियन की उपलब्धियों को दर्शाती है, बल्कि जवानों के साहस और बलिदान की प्रेरणादाय कहानियाँ भी बयां करती है।

इस गौरवपूर्ण अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले 64 वीर जवानों को प्रशास्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही खेल प्रतियोगिताओं जैसे वॉलीवॉल एवं क्रिकेट के माध्यम से जवानों के जोश और टीम भावना को और मजबूत किया गया।

सायंकाल में आयोजित भव्य रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम ने पूरे समारोह को जोश एवं उल्लास से भर दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री बी. एस. नेगी, पु० उ०म०नि०, के०रि० पु० बल (परिचालन) रेंज बीजापुर थे। कार्यक्रम में जिला अधिकारी बीजापुर श्री सम्बित मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक बीजापुर श्री जितेन्द्र कुमार यादव, बीजापुर में तैनात सभी के०रि० पु० बल वाहिनियों के कमाण्डेन्ट सहित अन्य अधिकारी, परिवारजन व कार्मिक मौजूद रहे।

स्थापना दिवस समारोह के दौरान श्री बी.एस. नेगी, पु.उ.म.नि, के.रि.पु.बल (परिचालन) रेंज बीजापुर द्वारा सभी अधिकारियों की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन एवं केक काट कर कार्यक्रम की शुरुआत की और स्मारिका का भव्य अनावरण किया गया। अपने संबोधन में उन्होनें बटालियन की उत्कृष्ट कार्यकुशलता की सराहना करते हुए दो बार श्रेष्ठ परिचालनिक बटालियन एवं श्रेष्ठ प्रशानिक बटालियन का भी जिक्र किया और उन्होने बताया कि यह समस्त कार्मिकों के समर्पण, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का परिचायक है।

कार्यक्रम के समापन के अवसर पर श्री ब्रजेश कुमार सिंह कमांडेंट 229 बटालियन ने कार्यक्रम में सहयोग करने एवं पधारने हेतु धन्यवाद दिया साथ ही सभी को स्मृति चिन्ह भेंट भी किया। उन्होंने वाहिनी के कार्मिकों की अथक मेहनत की भरपूर प्रशंसा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *