🔥विशेष खबर🔥🔥🔥

🔥39 वर्षों की शिक्षा सेवा में बीआर बघेल का योगदान रहा सराहनीय, सेवानिवृत्ति पर कलेक्टर ने किया सम्मानित🔥

🔥कलेक्टर आकाश छिकारा ने शॉल, श्रीफल एवं पेंशन प्राधिकार पत्र भेंटकर दी विदाई, बघेल ने शिक्षा के क्षेत्र में आए सकारात्मक बदलावों को किया साझा🔥

जगदलपुर।

शिक्षा के क्षेत्र में 39 वर्षों तक अपनी सेवाएं देने वाले सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल को कलेक्टोरेट के आस्था कक्ष में आयोजित सम्मान समारोह में आत्मीय विदाई दी गई। अक्टूबर माह में शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हुए 16 अधिकारी-कर्मचारियों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर आकाश छिकारा ने बीआर बघेल सहित सभी सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों को शॉल, श्रीफल एवं पेंशन प्राधिकार पत्र भेंटकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल ने अपने 39 वर्षों के सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए बस्तर जिले में शिक्षा के क्षेत्र में आए सकारात्मक बदलावों का उल्लेख किया। उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, नवोदय विद्यालय में विद्यार्थियों के चयन, एनएमएमएस छात्रवृत्ति तथा बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों में हुए बेहतर बदलावों का जिक्र करते हुए जिला प्रशासन के मार्गदर्शन एवं सहयोग की सराहना की। बघेल ने कहा कि सेवानिवृत्ति के अवसर पर इस तरह का मान-सम्मान मिलना पूरे सेवाकाल की मेहनत और समर्पण को सार्थक बना देता है।

समारोह को संबोधित करते हुए कलेक्टर आकाश छिकारा ने कहा कि जीवन के महत्वपूर्ण 30 से 40 वर्ष पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ शासकीय सेवा में देना गौरव की बात है। विशेषकर बस्तर जिले के विकास और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

कलेक्टर ने कहा कि शासकीय सेवा से सेवानिवृत्ति जीवन का विराम नहीं, बल्कि एक नई पारी की शुरुआत है। सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारी अपने अनुभव और ज्ञान से समाज तथा युवाओं को मार्गदर्शन देते रहें। उन्होंने सभी के स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना भी की।

कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना, वरिष्ठ कोषालय अधिकारी अनिल कुमार पाठक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों के परिजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed