🔥नक्सलियों के पूर्व प्रभाव क्षेत्र में 196वीं वाहिनी CRPF ने मनाई दीपावली, रोशनी से जगमगाए सुरक्षा कैंप🔥
🔥ताड़पाला हिल्स में दीपोत्सव बना शांति, सुरक्षा और विश्वास की नई तस्वीर, अधिकारियों एवं जवानों ने हर्षोल्लास के साथ मनाया पर्व🔥
बीजापुर।
जिले के सुदूर एवं संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात 196वीं वाहिनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा दीपावली का पावन पर्व हर्षोल्लास, उमंग और उत्साह के साथ मनाया गया। वाहिनी के विभिन्न कैंपों FOB ताड़पाला हिल्स, ताड़पाला घाटी, पुजारी कांकेर, नम्बी एवं वाहिनी मुख्यालय महादेव घाटी में अधिकारियों और जवानों ने दीप प्रज्ज्वलित कर दीपोत्सव मनाया तथा एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान कैंपों में दीपों की रोशनी के साथ खुशियों और उत्साह का माहौल देखने को मिला। जवानों ने आपसी भाईचारे, सौहार्द और एकता का संदेश देते हुए पर्व की खुशियां साझा कीं।
दीपावली का यह आयोजन FOB ताड़पाला हिल्स में विशेष रूप से ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण रहा। पिछले वर्ष नवंबर माह में स्थापित यह कैंप कभी नक्सलियों का सुरक्षित ठिकाना और प्रभाव क्षेत्र माना जाता था। सुरक्षा बलों की निरंतर मौजूदगी, दृढ़ संकल्प और अथक प्रयासों के चलते आज इस क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विश्वास का वातावरण स्थापित हो रहा है।
कभी नक्सली गतिविधियों के लिए पहचाने जाने वाले इस इलाके में अब सुरक्षा बलों के कैंप दीपों की रोशनी से जगमगा रहे हैं। जवानों द्वारा दीपावली का उत्सव मनाना क्षेत्र में बदलते हालात और शांति की ओर बढ़ते कदमों का प्रतीक बना। दीपों की जगमगाहट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उत्सव को यादगार बना दिया।
इस अवसर पर वाहिनी के वरिष्ठ अधिकारी एवं द्वितीय कमान अधिकारी श्री दिनेश ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि दीपावली केवल प्रकाश का पर्व नहीं, बल्कि अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और भय पर विश्वास की विजय का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि 196वीं वाहिनी राष्ट्र की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ स्थानीय क्षेत्रों में शांति, सद्भाव और सकारात्मक वातावरण स्थापित करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के माध्यम से जवानों ने देश की सुरक्षा के प्रति अपने संकल्प को दोहराया और दीपावली की खुशियां आपस में साझा कीं।
अंत में 196वीं वाहिनी सीआरपीएफ की ओर से समस्त देशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।