🔥कभी नक्सलियों के गढ़ कहे जाने वाला कर्रेगुट्टा पहाड़ियों के समीप गुंजेपर्ती में CRPF जवानों ने ग्रामीणों के साथ मनाई दीपावली, बच्चों को बांटी मिठाई और उपहार ।🔥
🔥जवानों और ग्रामीणों ने एक साथ जलाए खुशियों के दीप, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दिखा आपसी भाईचारा और सौहार्द🔥
बीजापुर।
कभी नक्सलवाद के प्रभाव के लिए पहचाने जाने वाले कर्रेगुट्टा (KGH) पहाड़ी क्षेत्र के समीप स्थित गुंजेपर्ती में इस वर्ष दीपावली का पर्व उत्साह, उमंग और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। बीजापुर जिला मुख्यालय से लगभग 82 किलोमीटर दूर दुर्गम क्षेत्र में तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 229वीं बटालियन की C कंपनी के जवानों ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर दीपोत्सव मनाया। इस आयोजन के माध्यम से जवानों ने ग्रामीणों के बीच विश्वास, अपनत्व और शांति का संदेश दिया।
दीपावली के अवसर पर सुबह C/229 बटालियन के जवानों ने आसपास के पारा एवं गांवों के लगभग 60 बच्चों को मिठाई, प्रसाद, वस्त्र और पटाखे वितरित किए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखते ही बन रहा था। जवानों की इस पहल से ग्रामीणों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
वहीं शाम को जवानों और ग्रामीणों ने मिलकर दीप प्रज्वलित किए तथा पूरे परिसर को रोशनी से सजाया। घर-परिवार से दूर रहकर देश की सुरक्षा में तैनात जवानों के लिए ग्रामीणों के साथ दीपावली मनाना यादगार पल बन गया। इस दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें संगीत, गीत और नृत्य की प्रस्तुतियों के माध्यम से सभी ने त्योहार की खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम के अंत में जवानों और ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से रात्रि भोज किया।
🔥कंपनी कमांडर निरीक्षक अरूपानंद नायक ने दिया भाईचारे का संदेश🔥
कार्यक्रम का नेतृत्व C/229 बटालियन के कंपनी कमांडर निरीक्षक अरूपानंद नायक ने किया। इस अवसर पर उन्होंने जवानों, उनके परिवारजनों एवं स्थानीय ग्रामीणों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि अंधकार से प्रकाश, निराशा से आशा और दूरियों से अपनत्व की ओर बढ़ने का संदेश देती है। हमारा प्रयास है कि सुरक्षा के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीणों के जीवन में खुशियां, विश्वास और सकारात्मक बदलाव लाया जाए।
उन्होंने आयोजन की सफलता का श्रेय बटालियन के अधिकारियों एवं जवानों के सामूहिक प्रयासों को देते हुए 229वीं बटालियन के कमांडेंट श्री ब्रजेश कुमार सिंह के कुशल नेतृत्व, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन के प्रति आभार व्यक्त किया।
कमांडेंट ब्रजेश कुमार सिंह ने दी दीपावली की शुभकामनाएं
229वीं बटालियन के कमांडेंट श्री ब्रजेश कुमार सिंह ने अपने संदेश में कहा कि दीपावली का पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और नई आशाओं का प्रकाश लेकर आए। देश की सुरक्षा के साथ-साथ स्थानीय जनता के साथ विश्वास, सहयोग और भाईचारे का रिश्ता मजबूत करना हमारा संकल्प है। जवानों एवं ग्रामीणों के बीच प्रेम और अपनत्व की भावना ही शांतिपूर्ण एवं विकसित समाज की आधारशिला है।
कार्यक्रम का समापन आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ। कर्रेगुट्टा पहाड़ियों के समीप गुंजेपर्ती में CRPF जवानों और ग्रामीणों द्वारा मिलकर मनाया गया यह दीपोत्सव इस बात का संदेश दे गया कि आपसी विश्वास, सहयोग और सद्भावना से दुर्गम क्षेत्रों में भी खुशियों और उम्मीदों के दीप जलाए जा सकते हैं।