🔥बीजापुर में CRPF जवानों की मानवीय पहल: घायल 4 वर्षीय बालिका को बाइक एम्बुलेंस से जिला अस्पताल तक पहुँचाया🔥
🔥कुप्पागुड़ा से पिडिया, मुतवंडी होते हुए बीजापुर जिला अस्पताल तक चला रेस्क्यू अभियान, समय पर मिली चिकित्सा सहायता🔥
बीजापुर, 26 सितम्बर 2026।
नक्सल प्रभावित और दुर्गम क्षेत्र में तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों ने एक बार फिर सुरक्षा ड्यूटी के साथ अपनी मानवीय संवेदनशीलता और जनसेवा की मिसाल पेश की। ग्राम अंड्री, थाना गंगालूर क्षेत्र की 4 वर्षीय बालिका खेलते समय गंभीर रूप से घायल हो गई थी और अत्यधिक रक्तश्राव के कारण उसे तत्काल चिकित्सा सहायता की आवश्यकता थी।
घटना की सूचना मिलते ही 199 बटालियन के कमाण्डेंट श्री आनंद कुमार एवं 85 बटालियन के कमाण्डेंट श्री सुनील कुमार राही के निर्देश पर CRPF जवानों ने बिना समय गंवाए राहत एवं उपचार की प्रक्रिया शुरू की।
बालिका को सबसे पहले F/199 बटालियन के कुप्पागुड़ा कैम्प लाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार किया गया। अत्यधिक रक्तश्राव को देखते हुए उसे तत्काल बाइक एम्बुलेंस से FOB पिडिया पहुँचाया गया। वहाँ उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा के लिए जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई।
इसके बाद YP/199 बटालियन के जवानों ने बालिका को बाइक एम्बुलेंस के माध्यम से 85 बटालियन CRPF के मुतवंडी कैम्प तक पहुँचाया। मुतवंडी से 85 बटालियन की एम्बुलेंस द्वारा घायल बालिका को जिला अस्पताल बीजापुर पहुँचाकर भर्ती कराया गया।
समय पर मिले उपचार और CRPF जवानों के समन्वित प्रयासों के बाद वर्तमान में बालिका की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
दुर्गम और संवेदनशील इलाकों में जहाँ आपातकालीन चिकित्सा सुविधा तक पहुँचना चुनौतीपूर्ण होता है, वहाँ CRPF जवानों की यह पहल स्थानीय ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण साबित हुई। सुरक्षा दायित्वों के साथ-साथ जरूरतमंद ग्रामीणों की सहायता के लिए जवानों द्वारा उठाया गया यह कदम जनसेवा और मानवीय संवेदनशीलता का उदाहरण है।
CRPF की यह पहल बताती है कि कठिन परिस्थितियों में तैनात जवान सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ आपात स्थिति में आम नागरिकों की सहायता के लिए भी तत्पर रहते हैं। स्थानीय लोगों के साथ सहयोग और विश्वास का संबंध मजबूत करने की दिशा में ऐसे प्रयास महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।