🔥सेवा संकल्प अभियान में कलेक्टर श्री विश्वदीप ने किया रक्तदान, दिया मानवता और सेवा का संदेश🔥
🔥जिला चिकित्सालय में आयोजित रक्तदान शिविर में 21 यूनिट रक्त संग्रहित, अधिकारी-कर्मचारियों ने भी बढ़-चढ़कर किया स्वैच्छिक रक्तदान🔥
बीजापुर, 25 सितंबर 2026
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज जिला चिकित्सालय बीजापुर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ कलेक्टर श्री विश्वदीप ने स्वयं रक्तदान कर किया। कलेक्टर द्वारा रक्तदान कर आम नागरिकों को भी स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक स्वैच्छिक रक्तदान किया। शिविर में कुल 21 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। रक्तदान करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कहा कि रक्तदान एक पुनीत कार्य है, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर जीवनरक्षक रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलती है।
कलेक्टर श्री विश्वदीप ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने का माध्यम भी है। स्वस्थ एवं पात्र लोगों को आगे आकर नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करना चाहिए। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज में सेवा, सहयोग और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करना है।
रक्तदान शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच एवं निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करते हुए रक्त संग्रहण किया गया। शिविर में अधिकारियों-कर्मचारियों की सहभागिता ने अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.आर. पुजारी सहित स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।