ब्रेकिंग न्यूज🔥🔥🔥

एक साल से अधूरी पड़ी पुलिया की खुदाई, ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी ।

बारिश में हादसे का बना खतरा, जंगल के रास्ते आने-जाने को मजबूर ग्रामीण ।

 

बीजापुर। छग

जिले के ग्राम पंचायत पदेड़ा अंतर्गत ग्राम हल्बापारा में सड़क के बीचों-बीच पुलिया निर्माण के लिए की गई खुदाई करीब एक वर्ष से अधूरी पड़ी है। निर्माण कार्य शुरू करने के नाम पर सड़क की खुदाई तो कर दी गई, लेकिन इसके बाद संबंधित विभाग के ठेकेदार द्वारा काम आगे नहीं बढ़ाया गया। इससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार पुलिया निर्माण के लिए सड़क खोदने के बाद उसे उसी स्थिति में छोड़ दिया गया है। बारिश के मौसम में खुदाई वाले स्थान पर पानी और कीचड़ जमा होने से रास्ता बेहद खतरनाक हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि अब तक कई लोग यहां गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।

हल्बापारा के ग्रामीणों ने बताया कि यदि पुलिया का निर्माण करना ही नहीं था तो सड़क को बेवजह क्यों खोदा गया। सड़क की खुदाई के कारण गांव का सामान्य आवागमन प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों को बीजापुर मुख्यालय जाकर खाद्य सामग्री लाने में परेशानी हो रही है। वहीं राशन दुकान से राशन लाने के लिए भी उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि मुख्य सड़क बाधित होने के कारण उन्हें जंगल के रास्ते का सहारा लेना पड़ रहा है। बारिश के दिनों में जंगल के रास्ते से आवागमन करना भी जोखिम भरा साबित हो रहा है।

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि अधूरी पड़ी पुलिया का निर्माण कार्य जल्द पूरा कराया जाए और सड़क को आवागमन योग्य बनाया जाए, ताकि ग्रामीणों को हो रही परेशानी से राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *