🔥नाम वापसी के बाद अध्यक्ष पद के लिए 4 दावेदार मैदान में🔥 ।
बी. गौतम राव ने तीनों पदों से वापस लिया नाम, 23 अगस्त को होगा चुनाव चिन्ह आबंटन ।
बीजापुर। जिला पत्रकार संघ सह प्रेस क्लब बीजापुर के चुनाव को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं और निर्वाचन प्रक्रिया अब निर्णायक चरण में पहुंच चुकी है। विभिन्न पदों के लिए कुल 12 नामांकन पत्र जमा हुए थे, जिनमें अध्यक्ष पद के लिए 5, सचिव पद के लिए 4 तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए 3 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था।
निर्वाचन अधिकारी अशोक मिश्रा एवं अयूब खान ने बताया कि मतदाता सूची का प्रथम प्रकाशन 1 अगस्त को किया गया था। दावा-आपत्ति प्रक्रिया के पश्चात संगठन विरोधी गतिविधियों के आरोप में 19 सदस्यों को निष्कासित करते हुए 13 अगस्त को 46 सदस्यों की संशोधित मतदाता सूची जारी की गई थी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 अगस्त से नामांकन पत्रों का वितरण प्रारंभ हुआ था। अध्यक्ष पद के लिए कमलेश पैंकरा, के. संतोष कुमार, गणेश मिश्रा, ईश्वर सोनी और बी. गौतम राव ने नामांकन दाखिल किया था। सचिव पद के लिए इरशाद खान, आशीष पदमवार, बसंत मामडीकर एवं बी. गौतम राव ने नामांकन पत्र जमा किए थे। वहीं कोषाध्यक्ष पद के लिए बी. गौतम राव, सिरोज विश्वकर्मा और प्रशुन शर्मा ने अपनी दावेदारी प्रस्तुत की थी।
निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार नामांकन पत्र प्राप्त करने की अंतिम तिथि 19 अगस्त तथा नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि 20 अगस्त दोपहर 1 बजे तक निर्धारित थी। सभी प्रत्याशियों ने निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने नामांकन पत्र जमा कर दिए थे। 21 अगस्त को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद 22 अगस्त को नाम वापसी की कार्रवाई संपन्न हुई।
नाम वापसी की प्रक्रिया में बी. गौतम राव ने अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष तीनों पदों से अपना नाम वापस ले लिया। इसके बाद अध्यक्ष पद के लिए अब कमलेश पैंकरा, के. संतोष कुमार, गणेश मिश्रा और ईश्वर सोनी चुनावी मैदान में शेष रह गए हैं। वहीं सचिव और कोषाध्यक्ष पदों के लिए भी शेष प्रत्याशी अपनी दावेदारी बनाए हुए हैं।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 23 अगस्त को प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। मतदान 31 अगस्त को संपन्न होगा तथा उसी दिन मतगणना के बाद परिणामों की घोषणा की जाएगी।
निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन का सहयोग लिया जाएगा। मतदान केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा, ताकि सभी मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।