• बिग ब्रेकिंग न्यूज🔥🔥🔥

गणपति होटल संचालक के घर खाद्य विभाग की छापेमारी के बाद व्यापारियों में आक्रोश ।

विरोध में बीजापुर के व्यापारियों ने की अनिश्चित कालीन  दुकानें बंद, कार्यवाही FIR के बाद ही होगी बात । खाद्य अधिकारी पर गंभीर आरोप ।

बीजापुर। गणपति होटल संचालक के घर खाद्य विभाग की टीम द्वारा की गई कथित छापेमारी को लेकर बीजापुर में विवाद गहरा गया है। कार्रवाई के विरोध में जिले के व्यापारियों ने एक दिवसीय दुकान बंद का आह्वान किया। गुरुवार को कई दुकानों में ताले नजर आए और व्यापारियों ने खाद्य विभाग के अधिकारी के कथित रवैये के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।

व्यापारियों का आरोप है कि खाद्य विभाग द्वारा जांच और सैंपल लेने के नाम पर लंबे समय से व्यापारियों पर दबाव बनाया जाता है। कुछ व्यापारियों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि खाद्य अधिकारी कथित तौर पर सैंपल जांच के नाम पर हर माह दुकानों से दो-दो किलो, पांच-पांच किलो तक काजू, किशमिश, बादाम, पिस्ता सहित अन्य महंगी खाद्य सामग्री अपने घर ले जाते हैं। व्यापारियों का यह भी आरोप है कि रोजमर्रा की जरूरत की सामग्री दुकानों से ले जाने के बावजूद कई बार उसका भुगतान नहीं किया जाता।

इन आरोपों को लेकर व्यापारियों में खासा आक्रोश है। व्यापारियों ने खाद्य अधिकारी की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है।

घर में कार्रवाई को लेकर भी उठे सवाल

मामला उस समय और विवादित हो गया जब गणपति होटल संचालक के घर खाद्य विभाग की कार्रवाई के दौरान घर में पुरुष सदस्य मौजूद नहीं थे। परिजनों का आरोप है कि घर में उस समय केवल महिलाएं मौजूद थीं और अधिकारियों के आने का महिलाओं ने विरोध किया।

परिजनों के मुताबिक, विरोध के बावजूद खाद्य विभाग के अधिकारियों ने कथित तौर पर दबाव बनाकर घर में प्रवेश किया। परिवार का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान महिलाओं और अधिकारियों के बीच बहस भी हुई, जिससे घर में भय और तनाव का माहौल बन गया।

परिजनों ने यह भी सवाल उठाया है कि घर में महिलाओं की मौजूदगी के दौरान कार्रवाई के लिए महिला कर्मचारी की मौजूदगी क्यों नहीं थी। परिवार ने पूरे घटनाक्रम की जांच की मांग करते हुए थाना कोतवाली में शिकायत दी है।

खाद्य अधिकारी ने भी थाना में दिया आवेदन

वहीं, इस पूरे विवाद के बीच खाद्य अधिकारी दीपक देवांगन द्वारा भी थाना में आवेदन दिए जाने की जानकारी सामने आई है। थाना प्रभारी शर्मा के अनुसार मामले में टीम गठित कर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि होटल एवं उसके किचन से संबंधित जांच खाद्य विभाग की कार्रवाई के दायरे में आती है, हालांकि घर में प्रवेश और कार्रवाई के दौरान अपनाई गई प्रक्रिया से जुड़े आरोपों की भी जांच की जा रही है।

अब जांच रिपोर्ट पर टिकी निगाहें

एक ओर व्यापारी खाद्य अधिकारी पर कथित मनमानी और दबाव बनाने के आरोप लगा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर खाद्य विभाग की ओर से भी अपना पक्ष रखा गया है। ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि खाद्य विभाग की कार्रवाई के दौरान निर्धारित नियमों और प्रक्रिया का पालन किया गया था या नहीं।

फिलहाल, एक दिवसीय दुकान बंद के जरिए व्यापारियों ने अपना विरोध दर्ज कराते हुए प्रशासन से मांग की है कि खाद्य विभाग की कार्यप्रणाली, व्यापारियों द्वारा लगाए गए आरोपों तथा गणपति होटल संचालक के घर हुई कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed