महादेव घाटी में 196वीं बटालियन सीआरपीएफ का 20वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ संपन्न ।
“सेवा, शौर्य और समर्पण की अमर पहचान; वीरता हमारा धर्म, राष्ट्र एवं जनसेवा हमारा कर्म” का दिया संदेश
बीजापुर। महादेव घाटी स्थित 196वीं बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का 20वां स्थापना दिवस शनिवार, 18 जुलाई 2026 को पूरे उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बटालियन के कमांडेंट श्री कुमार मनीष ने की। इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी श्री दिनेश, श्री गोपाल सिंह बुनकर, उप कमांडेंट श्री कुणाल किशोर, सहायक कमांडेंट श्री लोकेश यादव, श्री अभिषेक कुमार, चिकित्साधिकारी डॉ. शुभम नितिन पवार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मातृभूमि की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। कमांडेंट श्री कुमार मनीष ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए वीर जवानों के अद्वितीय साहस, त्याग और बलिदान को नमन किया।
इस अवसर पर क्वार्टर गार्ड में कमांडेंट को भव्य सलामी दी गई तथा सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। अपने संबोधन में कमांडेंट ने सभी अधिकारियों एवं जवानों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र सेवा, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की भावना के साथ निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।
स्थापना दिवस केवल मुख्यालय तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बटालियन की विभिन्न कंपनियों में भी उत्साहपूर्वक कार्यक्रम आयोजित किए गए। उसूर, नाम्बी, पुजारीकांकेर, ताड़पाला घाटी, ताड़पाला, वीरभूमि (पश्चिम बंगाल) तथा कठुआ (जम्मू-कश्मीर) स्थित कंपनियों में संबंधित अधिकारियों के नेतृत्व में शहीदों को श्रद्धांजलि, सैनिक सम्मेलन और स्थापना दिवस समारोह आयोजित किए गए।
समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। अधिकारियों और जवानों ने देशभक्ति गीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सीआरपीएफ की गौरवशाली परंपरा, एकता और भाईचारे का संदेश दिया। पूरे परिसर में देशभक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा।
समापन अवसर पर सभी अधिकारियों एवं जवानों के लिए पारंपरिक ‘बड़े खाने’ का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने एक साथ भोजन कर स्थापना दिवस की खुशियां साझा कीं। यह आयोजन बटालियन की मजबूत टीम भावना, आपसी भाईचारे और समर्पण का प्रतीक बना।
अपने 20वें स्थापना दिवस पर 196वीं बटालियन सीआरपीएफ ने राष्ट्र की सुरक्षा और जनसेवा के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता दोहराते हुए भविष्य में भी पूर्ण निष्ठा, साहस और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प व्यक्त किया।