प्रदेश उपाध्यक्ष जी. वेंकट ने वरिष्ठ भाजपा समर्थक रामयज्ञ विश्वकर्मा से की आत्मीय मुलाकात ।
बीजापुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष जी. वेंकट ने बीजापुर जिले के वार्ड क्रमांक 11 निवासी एवं वरिष्ठ भाजपा समर्थक रामयज्ञ विश्वकर्मा के निवास पहुंचकर उनसे और उनके परिवारजनों से आत्मीय मुलाकात की।
प्रदेश उपाध्यक्ष के आगमन पर परिवारजनों ने आरती उतारकर, चंदन तिलक लगाकर और पुष्प अर्पित कर उनका पारंपरिक स्वागत किया। इस दौरान जी. वेंकट ने परिवार के सदस्यों का कुशलक्षेम जाना तथा कृषि से जुड़ी सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं, इसकी जानकारी ली।
उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई-लिखाई और भविष्य की योजनाओं के बारे में भी चर्चा की।
प्रदेश उपाध्यक्ष बनने के बाद पहली बार घर पहुंचे जी. वेंकट का स्वागत करते हुए रामयज्ञ विश्वकर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उनके परिवार को मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि रसोई गैस सिलेंडर से लेकर मातृ वंदन योजना तक का लाभ परिवार को प्राप्त हो रहा है।
रामयज्ञ विश्वकर्मा ने भावुक होते हुए कहा, “पहले स्वर्गीय बलीराम कश्यप जी मेरे घर आया करते थे और आज आपके आगमन से मैं स्वयं को सौभाग्यशाली महसूस कर रहा हूँ।”
इस अवसर पर जी. वेंकट ने कहा कि “हमारी सरकार हर वर्ग के लोगों के लिए समर्पित है। ‘सबका साथ, सबका विकास’ केवल नारा नहीं, बल्कि हमारी कार्यशैली और संकल्प है। सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे, यही हमारी प्राथमिकता है।”
भेंट के दौरान आत्मीय वातावरण देखने को मिला और परिवारजनों ने प्रदेश उपाध्यक्ष का आभार व्यक्त किया।