खास खबर🔥🔥🔥🔥

भैरमगढ़ सामूहिक दुष्कर्म पर सर्व आदिवासी समाज ने की कड़ी निंदा ।

जिले में बढ़ती नशाखोरी और बाहरी लोगों की आवाजाही पर जताई चिंता, कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

बीजापुर। भैरमगढ़ में किशोरी के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म की घटना को लेकर सर्व आदिवासी समाज ने कड़ी निंदा की है।

सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष जग्गूराम तेलामी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि यह घटना पूरे जिले को शर्मसार करने वाली है और ऐसी घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि घटना के तत्काल संज्ञान में आने के बावजूद पुलिस कार्रवाई में विलंब होता रहा, जिससे मामले में शामिल आरोपियों को पीड़ित परिवार को प्रभावित करने का अवसर मिला। उन्होंने जिले के मीडिया कर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से ही मामले का खुलासा संभव हो सका।

जग्गूराम तेलामी ने कहा कि लंबे समय बाद नक्सल समस्या में कमी आने के साथ ही अब बीजापुर जिले में नशे के अवैध कारोबार का प्रभाव बढ़ता जा रहा है। भोपालपटनम से भैरमगढ़, कुटरू के बेदरे से बासागुड़ा तक नशीली गोलियों और गांजा की गिरफ्त में युवा वर्ग फंसता जा रहा है। उन्होंने बताया कि बीते कुछ समय से इलाके में बाहरी जनसंख्या का दबाव भी बढ़ रहा है, जिसे लेकर पुलिस का रवैया संतोषजनक नहीं है।

सर्व आदिवासी समाज ने जिले में बढ़ती नशाखोरी, नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने, कानून-व्यवस्था को मजबूत करने तथा बाहरी लोगों की आवाजाही की निगरानी की मांग की है। समाज ने चेतावनी दी है कि यदि इन मामलों में शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो सर्व आदिवासी समाज उग्र प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *