खास खबर🔥🔥🔥

विधायक विक्रम मंडावी ने कहा ग्रामीणों को तेंदूपत्ता संग्रहण का भुगतान नगद हो ।

तेंदूपत्ता संग्रहकों को नगद भुगतान करने की मांग को लेकर कांग्रेस का विशाल धरना-प्रदर्शन ।

जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर (छ.ग )

बीजापुर

10 अप्रैल 2026

शुक्रवार को जिला मुख्यालय बीजापुर में तेंदूपत्ता संग्रहकों को संग्रहण केंद्रों पर ही नगद भुगतान करने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर द्वारा विशाल धरना-प्रदर्शन एवं रैली का आयोजन किया गया।

प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर बीजापुर को ज्ञापन सौंपा गया।

कांग्रेस पार्टी ने मांग की है कि प्रदेश की भाजपा सरकार अपने चुनावी घोषणा-पत्र “मोदी की गारंटी” में किए गए वादों के अनुरूप तेंदूपत्ता संग्रहण केंद्रों पर ही नगद भुगतान सुनिश्चित करे तथा लगातार 15 दिनों तक बिना किसी बाधा के तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य कराए।

विधायक विक्रम मंडावी ने उपस्थित विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा ने पिछले विधानसभा चुनावों में “मोदी की गारंटी” के नाम पर तेंदूपत्ता संग्राहकों से कई बड़े वादे किए थे। इनमें मुख्य वादे थे – संग्रहण केंद्र पर नगद भुगतान, लगातार 15 दिनों तक निर्बाध संग्रहण, तेंदूपत्ता की दर बढ़ाना, फड़मुंशियों का मानदेय बढ़ाना, मजदूरों की मजदूरी बढ़ाना और परिवहन वाहनों का किराया बढ़ाना। लेकिन सरकार बनने के 27 महीने बीत जाने के बावजूद भाजपा की विष्णुदेव साय सरकार ने “मोदी की गारंटी” का एक भी वादा पूरा नहीं किया है। और भाजपा अपने वादों से मुंह मोड़ रही है। 

विधायक विक्रम मंडावी ने आगे कहा, “जिले के अंदरूनी क्षेत्रों में रहने वाले गरीब आदिवासियों की कोई सुनवाई नहीं हो रही है। रोजगार के अभाव में लोग तेलंगाना और महाराष्ट्र की ओर पलायन कर रहे हैं। विक्रम मंडावी ने आगे कहा कि तेंदूपत्ता संग्रहण से मिलने वाली आय आदिवासी परिवारों की कृषि के अलावा घरेलू जरूरतों को पूरा करती थी, लेकिन भाजपा सरकार इस आय के स्रोत को भी आदिवासियों से छीनने पर आमादा है।”

विधायक विक्रम मंडावी ने यह भी कहा कि जिले के अंदरूनी इलाकों में बैंकिंग व्यवस्था नहीं है आधे से अधिक आदिवासियों के पास अभी तक बैंक खाता या आधार कार्ड भी नहीं है ऐसे में बैंक खाते के माध्यम से तेंदूपत्ता संग्राहकों को भुगतान करने से समस्या उत्पन्न होगी। 

विधायक ने आरोप लगाया कि बस्तर की जल, जंगल, जमीन और खनिज संसाधनों पर उद्योगपतियों की नजर है तथा भाजपा सरकार इन संसाधनों को उद्योगपतियों को सौंपने की साजिश रच रही है।

मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर बीजापुर को सौंपे गए ज्ञापन में –

1- तेंदूपत्ता संग्रहण केंद्र पर ही नगद (कैश) भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

2- वर्तमान दर 5500/- रुपये प्रति मानक को बढ़ाकर 7000/- रुपये किया जाए। 

3- ग्रामीणों की मांग के अनुसार आवश्यकतानुसार तत्काल नए तेंदूपत्ता फड़ खोले जाएं।

4- नेशनल पार्क, पामेड़ अभ्यारण्य एवं टिण्डोड़ी अभ्यारण्य क्षेत्र में भी तेंदूपत्ता तोड़ने की व्यवस्था की जाए।

5- फड़मुंशियों के कमीशन में वृद्धि करते हुए घोषणानुसार 25,000/- रुपये वार्षिक मानदेय दिया जाए।

6- तेंदूपत्ता तोड़ाई एवं खरीदी का कार्य लगातार 15 दिनों तक बिना किसी रुकावट के चलाया जाए।

7- तेंदूपत्ता परिवहन में लगने वाले ट्रैक्टर एवं अन्य वाहनों के किराए में उचित वृद्धि की जाए।

8- तेंदूपत्ता कार्य (उल्टाई-पलटाई, बोरा भराई आदि) में लगे मजदूरों की मजदूरी दर बढ़ाने जैसे मांगे शामिल है। 

इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लालू राठौर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुड़ियम, कमलेश कारम, नीना रावतिया उद्दे, बसंत राव ताटी, रमेश पामभोई, प्रवीण डोंगरे, ज्योति कुमार, जगबंधु मांझी, मंगल राना, मनोज यालम, मनोज अवलम, अशोक मड़े, पुरुषोत्तम खत्री, शैलेश मंडावी, राजेश जैन, सुरेंद्र चापा, पुरुषोत्तम सल्लूर, एजाज सिद्दीकी, बाबूलाल राठी, अरुण वासम, मनोज कसोजी, भीमा कट्टम, रतन कश्यप, राजीव सिंह, जगदेव यादव, कामेश मोरला, बलराम कोरसा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं तेंदूपत्ता संग्राहक उपस्थित ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed