85वीं बटालियन, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, नयापारा (बीजापुर) में सीआरपीएफ दिवस का आयोजन ।
दिनांक: 19 मार्च 2026
स्थान: नयापारा, बीजापुर
85वीं बटालियन, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), नयापारा (बीजापुर) में दिनांक 19 मार्च 2026 को सीआरपीएफ दिवस अत्यंत गरिमामय एवं अनुशासित वातावरण में मनाया गया।
इस अवसर पर कमांडेंट श्री सुनील कुमार राही के नेतृत्व में बटालियन के समस्त अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारीगण एवं जवान उपस्थित रहे ।
कार्यक्रम का शुभारंभ शहीद स्मारक पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके अदम्य साहस एवं सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए किया गया।
तत्पश्चात एक सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः दोहराया गया।
इसके उपरांत खेलकूद प्रतियोगिता (वॉलीबॉल) का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। संध्याकाल में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के लिए सामूहिक भोज (बड़ा खाना) का आयोजन भी किया गया।
उल्लेखनीय है कि सीआरपीएफ दिवस प्रतिवर्ष 19 मार्च को मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1950 में तत्कालीन गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल द्वारा सीआरपीएफ को उसका ध्वज प्रदान किया गया था। यह दिवस बल के गौरवशाली इतिहास, परंपराओं एवं वीरता का प्रतीक है तथा जवानों में एकता, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करता है।
इस अवसर पर कमांडेंट श्री सुनील कुमार राही ने अपने संबोधन में कहा कि यह दिवस हमें अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पण, देशभक्ति तथा शहीदों के बलिदान की स्मृति को सजीव बनाए रखने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी जवानों को सदैव उच्च मनोबल के साथ राष्ट्र सेवा में तत्पर रहने हेतु प्रेरित किया।
सम्पूर्ण कार्यक्रम का वातावरण देशभक्ति, सम्मान एवं अनुशासन से ओत-प्रोत रहा।