🔥170वीं बटालियन CRPF ने शहीद वेंकटराव महाविद्यालय में चलाया स्वच्छता अभियान🔥
🔥एक दिन, एक घंटा, एक साथ — अधिकारियों, जवानों और विद्यार्थियों ने श्रमदान करलिया स्वच्छता का संकल्प🔥
बीजापुर।
राष्ट्रव्यापी ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत 02 अक्टूबर 2026 को 170वीं बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), बीजापुर द्वारा शासकीय शहीद वेंकटराव स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विशेष स्वच्छता अभियान एवं राष्ट्रव्यापी श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह 8 बजे से 9 बजे तक चले इस कार्यक्रम में अधिकारियों, जवानों और महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
यह कार्यक्रम 170वीं बटालियन के कमांडेंट श्री सरकार राजा रमन के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना और आम नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा।
अधिकारियों, जवानों और विद्यार्थियों ने किया श्रमदान
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में सामूहिक रूप से श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने स्वच्छता बनाए रखने की शपथ ली और अपने आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखने के साथ समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमर सिंह साहू, 170वीं बटालियन के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चन्द्र शेखरन नायर कन्नन, उप कमांडेंट श्री अभय कुमार सिंह, उप कमांडेंट श्री सुरेश नौटियाल सहित अन्य अधीनस्थ अधिकारी, CRPF के जवान एवं महाविद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे।
सुरक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों में भी सक्रिय CRPF
बीजापुर जैसे संवेदनशील क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियानों में तैनात 170वीं बटालियन CRPF सुरक्षा संबंधी जिम्मेदारियों के साथ-साथ सामाजिक कल्याण, जन-जागरूकता और नागरिक सहायता से जुड़े कार्यों में भी सहभागिता निभाती रही है। ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ के तहत आयोजित यह कार्यक्रम इसी सामाजिक जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता का परिचायक रहा।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नियमित जिम्मेदारी है। सामूहिक सहभागिता और जन-जागरूकता से ही स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर समाज का निर्माण संभव है।