ब्रेकिंग न्यूज🔥🔥🔥

भाजपा कार्यकर्ताओं के कांग्रेस प्रवेश पर सियासी घमासान ।

कांग्रेस का दावा—35 से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं ने थामा हाथ,

 भाजपा जिलाध्यक्ष बोले—अपने ही कार्यकर्ताओं को पहनाई भाजपा की टोपी ।

 

बीजापुर | 09 सितंबर 2026

बीजापुर में बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं के कांग्रेस में प्रवेश को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। जिला कांग्रेस कमेटी ने ग्राम पंचायत गदामली के 35 से अधिक भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ताओं के कांग्रेस में शामिल होने का दावा किया है। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष घासीराम नाग ने कांग्रेस के इस दावे को पूरी तरह झूठा, भ्रामक और बेबुनियाद करार दिया है।

कांग्रेस के अनुसार, गदामली के भाजपा कार्यकर्ता बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी के जनकल्याणकारी कार्यों और कांग्रेस की रीति-नीति से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हुए। विधायक विक्रम मंडावी और जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष लालू राठौर ने नए सदस्यों को कांग्रेस का गमछा पहनाकर और फूलमाला से स्वागत करते हुए विधिवत पार्टी में प्रवेश कराया।

इस मौके पर विधायक विक्रम मंडावी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार को ढाई साल हो चुके हैं, लेकिन चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा नहीं किया गया है। उन्होंने दावा किया कि किसान, युवा, आदिवासी, महिलाएं, छोटे व्यापारी और आम जनता का भाजपा सरकार से मोहभंग हो रहा है।

वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष लालू राठौर ने इसे भाजपा की नीतियों के खिलाफ जनभावना का संकेत बताते हुए कहा कि कांग्रेस जल-जंगल-जमीन और आदिवासी अधिकारों की रक्षा के साथ विकास की लड़ाई जारी रखेगी।

भाजपा ने कांग्रेस के दावे को बताया झूठ

कांग्रेस के इस दावे के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष घासीराम नाग ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में प्रवेश करने वालों में एक भी भाजपा कार्यकर्ता शामिल नहीं है। उनका आरोप है कि कांग्रेस ने अपने ही कार्यकर्ताओं को भाजपा की टोपी पहनाकर उन्हें भाजपा कार्यकर्ता बताया और कांग्रेस प्रवेश का दावा कर जनता को गुमराह करने का प्रयास किया।

घासीराम नाग ने कहा कि इस तरह की राजनीति कांग्रेस की हताशा को दर्शाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी और कांग्रेस जिला अध्यक्ष लालू राठौर इस तरह के राजनीतिक हथकंडों का सहारा लेते हैं।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा एक मजबूत संगठन है और उसके कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ पार्टी के साथ खड़े हैं। उन्होंने दावा किया कि आगामी नगरीय निकाय चुनाव में जनता कांग्रेस की कथित भ्रामक राजनीति का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।

कौन सही, कौन गलत—दावे आमने-सामने

एक ओर कांग्रेस 35 से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं के पार्टी में शामिल होने का दावा कर रही है, तो दूसरी ओर भाजपा इसे सिरे से खारिज कर रही है। ऐसे में गदामली से कांग्रेस में शामिल होने वाले लोगों की वास्तविक राजनीतिक पहचान को लेकर दोनों दलों के दावे आमने-सामने हैं।

अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में इस राजनीतिक दावे और पलटवार का असर बीजापुर की सियासत पर कितना पड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed