बीजापुर पुलिस के साइबर जागृति अभियान के तहत वरिष्ठ नागरिकों को किया गया साइबर अपराधों के प्रति जागरूक
थाना बीजापुर जिला बीजापुर, छत्तीसगढ़
दिनांक 30 अगस्त 2026
छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा संचालित साइबर जागृति अभियान के अंतर्गत जिला बीजापुर पुलिस द्वारा 30 अगस्त से 05 सितम्बर 2026 तक वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है ।*
🔳 बीजापुर पुलिस द्वारा आम नागरिकों को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने एवं डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से “साइबर जागृति अभियान” चलाया जा रहा है । इसी क्रम में दिनांक 30.08.2026 को थाना कोतवाली बीजापुर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया ।
🔳 कार्यक्रम में थाना कोतवाली तथा साइबर सेल बीजापुर की टीम द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, OTP एवं PIN साझा करने, बैंकिंग एवं UPI फ्रॉड, फर्जी KYC, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया फ्रॉड तथा संदिग्ध लिंक से होने वाले साइबर अपराधों के संबंध में जानकारी दी गई ।
🔳 पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बैंक, पुलिस, न्यायालय अथवा कोई भी शासकीय एजेंसी फोन पर OTP, ATM PIN, UPI PIN, CVV या इंटरनेट बैंकिंग पासवर्ड नहीं मांगती। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर पैसे ट्रांसफर न करें और संदिग्ध लिंक अथवा एप्लीकेशन को डाउनलोड करने से बचने की भी समझाईश दी गई ।
🔳 साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने तथा cybercrime.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत करने की जानकारी भी दी गई । कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रही। इस अवसर पर सेवानिवृत्त प्राचार्य श्री बी.आर. रोरैया, सेवानिवृत्त प्राचार्य श्री रैमन दास झा सहित अन्य वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे ।
*🔳 “साइबर अपराध से बचें—सतर्क रहें, सुरक्षित रहें । OTP, PIN, Password एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें।” सतर्कता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है ।*