🪔सावन के अंतिम सोमवार पर महादेव घाट में उमड़ा आस्था का सैलाब🪔
🪔विशाल भंडारा, सुंदरकांड पाठ और भक्ति गीतों से भक्तिमय हुआ महादेव घाट🪔
बीजापुर। छग
सावन माह के अंतिम सोमवार को बीजापुर के प्रसिद्ध महादेव घाट स्थित महादेव मंदिर में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भोलेनाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे भक्तों से पूरा महादेव घाट हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा।
नगर पालिका परिषद के उपाध्यक्ष भुवन सिंह चौहान के नेतृत्व में सावन के अंतिम सोमवार के अवसर पर विशाल भंडारे एवं सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। आयोजन में बीजापुर के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।
सुंदरकांड पाठ ने बांधा भक्तों को
सुंदरकांड पाठ के लिए श्री बजरंग मानस सेवा समिति के अध्यक्ष टी.आर. पात्रे, जगदीश प्रसाद विश्वकर्मा, हारमोनियम वादक अरुण विश्वकर्मा, नारायण सोड़ी, सिरोज एवं आशुतोष दास सहित मंडली के सदस्य पहुंचे। सुंदरकांड पाठ और भजनों से मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
इस दौरान बीजापुर एसडीएम जागेश्वर कौशल ने भी देशभक्ति गीत एवं माता की आरती प्रस्तुत कर उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। उनके गीतों और आरती के दौरान पूरा वातावरण आध्यात्मिक एवं राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
सावन में प्रकृति भी देती है खुशहाली का संदेश
पंडित राम गोपाल शर्मा ने बताया कि उन्हें प्रत्येक वर्ष सावन माह के अंतिम सोमवार को महादेव मंदिर में हवन-पूजन के लिए आमंत्रित किया जाता है। उन्होंने कहा कि सावन का अंतिम सोमवार धार्मिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है और इस दिन भगवान शिव की आराधना से वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
वहीं एसडीएम जागेश्वर कौशल ने कहा कि सावन का महीना बेहद पावन होता है। इस माह में जहां भोलेनाथ के भक्तों में विशेष उत्साह रहता है, वहीं किसानों के लिए भी यह मौसम खुशहाली का संदेश लेकर आता है। चारों ओर हरियाली और प्रकृति की सुंदरता मन को प्रसन्न कर देती है।
अतिथियों और मानस मंडली का हुआ सम्मान
सुंदरकांड पाठ में पहुंचे मंडली के सदस्यों को श्रीफल भेंट कर एवं गमछा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक नागेश्वर दुर्गम भी अपने परिवार सहित शामिल हुए। उनकी पुत्री एवं वर्तमान में धमतरी जिले के नगरी क्षेत्र में पदस्थ एसडीएम प्रीति दुर्गम भी अपने मायके पहुंचकर महादेव मंदिर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में शामिल हुईं।
कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष उर्मिला तोलक, बसंती लिंगम तथा पार्षद संजय रिवानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
महादेव घाट बना आस्था का केंद्र
सावन के अंतिम सोमवार पर महादेव घाट में उमड़ी भीड़ ने एक बार फिर साबित किया कि बीजापुर के लोगों की धार्मिक आस्था कितनी गहरी है। पूजा-अर्चना, सुंदरकांड पाठ, आरती, भजन और विशाल भंडारे ने पूरे दिन महादेव घाट को भक्ति के रंग में सराबोर रखा।
मीडिया प्रतिनिधि एवं मंदिर के विशेष सहयोगी कुशल चोपड़ा ने आयोजन में पहुंचे सभी श्रद्धालुओं, अतिथियों, मानस मंडली के सदस्यों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी को धन्यवाद दिया।