बीजापुर में दस साल से लंबित बाईपास सड़क का मुद्दा गरमाया, कलेक्टर से जल्द निर्माण शुरू कराने की मांग ।
बीजापुर।
शहर में लगातार बढ़ते यातायात के दबाव और भारी वाहनों की आवाजाही से बढ़ रही परेशानी को लेकर बीजापुर में बाईपास सड़क निर्माण का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। पिछले करीब दस वर्षों से लंबित बाईपास सड़क का निर्माण अब तक शुरू नहीं होने पर जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने नाराजगी जताई है।
इस संबंध में नगर पालिका परिषद, बीजापुर तथा नगर पालिका परिषद बीजापुर के पार्षदों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर बीजापुर को ज्ञापन सौंपकर बाईपास सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि बीजापुर शहर की सघन बस्ती के बीच से लंबी दूरी के भारी वाहन तथा अन्य राज्यों से आने-जाने वाले वाहन गुजरते हैं। इसके कारण शहर में यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना रहता है।
विशेषकर स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए कहा गया कि व्यस्त मार्गों से भारी वाहनों की आवाजाही के कारण कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है। ऐसे में शहर के यातायात को व्यवस्थित करने और आम लोगों की सुरक्षा के लिए बाईपास सड़क का निर्माण बेहद जरूरी हो गया है।
ज्ञापन के माध्यम से कलेक्टर से मांग की गई है कि दस वर्षों से लंबित बाईपास सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द शुरू कराया जाए, ताकि शहर को भारी वाहनों के दबाव से राहत मिल सके और दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।
ज्ञापन देने पहुंचे थे जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमति जानकी कोरसा
जिला पंचायत सदस्य श्री शंकर माड़वी भाजपा सदस्य श्री निवास रेडडी मिडिया प्रभारी प्रताप यादव भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश कार्य समिति सदस्य श्री अभिषेक ठाकुर थे मौजूद