खास खबर 🔥🔥

 

बीजापुर में लगातार भारी बारिश, रेड अलर्ट जारी; किसानों के चेहरे खिले, जनजीवन भी हुआ प्रभावित ।

बीजापुर (छत्तीसगढ़)। पिछले दो दिनों से बीजापुर जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते रेड अलर्ट की स्थिति बनी हुई है।

लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के चेहरों पर आखिरकार खुशी लौट आई है।

किसानों का कहना है कि समय पर वर्षा नहीं होने से खेती-किसानी को लेकर चिंता बढ़ गई थी और मन में आशंका थी कि कहीं इस वर्ष मानसून कमजोर न पड़ जाए। लेकिन ‘

सावन माह के आगमन से ठीक दो दिन पहले हुई झमाझम बारिश ने मानो सावन का भव्य स्वागत कर दिया।

 

लगातार हो रही वर्षा से चारों ओर हरियाली छा गई है और मौसम सुहावना हो गया है।

वहीं बाजारों में भी बारिश का असर साफ दिखाई दे रहा है। रेनकोट, छाते और अन्य वर्षा से जुड़े सामानों की बिक्री बढ़ने से व्यापारियों के चेहरों पर भी खुशी नजर आ रही है।

हालांकि, इस बारिश का दूसरा पहलू भी सामने आ रहा है। रोज कमाने और रोज खाने वाले मजदूर वर्ग के लिए लगातार बारिश परेशानी का कारण बन गई है। कामकाज प्रभावित होने से उनकी आजीविका पर असर पड़ रहा है।

झोपड़पट्टियों और कच्चे मकानों में रहने वाले लोगों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं।

कई घरों में पानी भरने के साथ छोटे-छोटे मेंढक, कछुए, बिच्छू और सांप निकलकर रिहायशी इलाकों में पहुंच रहे हैं, जिससे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

उधर जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी पूरी मुस्तैदी के साथ सक्रिय हैं। रेस्क्यू टीमें नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रही हैं तथा लोगों से उफनते नालों और नदी को पार न करने की अपील की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि या दुर्घटना से बचा जा सके।

बारिश अपने साथ जहां किसानों के लिए उम्मीद और खुशहाली लेकर आई है, वहीं आम जनजीवन के सामने कई चुनौतियां भी खड़ी कर रही है। ऐसे में प्रशासन की सतर्कता और नागरिकों की सावधानी ही इस मौसम में सबसे बड़ी सुरक्षा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *