🔥खास खबर🔥🔥🔥

🔥तीन माह बाद भी मांगें लंबित, सर्व आदिवासी समाज ने कलेक्टर को सौंपा स्मरण पत्र🔥

🔥पांचवीं अनुसूची, पेसा कानून और वन अधिकार सहित आदिवासी हितों से जुड़े मुद्दों पर बिंदुवार मांगा जवाब 🔥

 

बीजापुर।

आदिवासी समाज के संवैधानिक अधिकारों और विभिन्न मांगों को लेकर 22 जून को सौंपे गए 15 सूत्रीय ज्ञापन पर कार्रवाई की जानकारी नहीं मिलने से सर्व आदिवासी समाज ने प्रशासन से जवाब मांगा है। मंच ने 23 नवंबर को कलेक्टर के नाम अधीक्षक को स्मरण पत्र सौंपकर अब तक हुई कार्रवाई का बिंदुवार लिखित प्रतिवेदन उपलब्ध कराने की मांग की है।

सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष जग्गूराम तेलामी ने बताया कि 22 जून को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में कलेक्टरों के माध्यम से शासन-प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया था। इसमें पांचवीं अनुसूची, पेसा कानून, वन अधिकार अधिनियम, आरक्षण, स्थानीय भर्ती, ग्रामसभा के अधिकार और जल-जंगल-जमीन से जुड़े मुद्दे शामिल थे।

सर्व आदिवासी समाज ने प्रशासन से पूछा है कि ज्ञापन किन विभागों को भेजा गया, किन मांगों पर विचार या निर्णय हुआ और कौन से मामले अब भी लंबित हैं। साथ ही लंबित मांगों के निराकरण के लिए समय-सीमा तय करने और आदिवासी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित करने की मांग की है।

समाज ने स्पष्ट किया कि स्मरण पत्र का उद्देश्य टकराव नहीं, बल्कि प्रशासन की जवाबदेही सुनिश्चित करना और लोकतांत्रिक संवाद के जरिए समस्याओं का समाधान कराना है। ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, जनजातीय कार्य विभाग के प्रमुख सचिव सहित संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है।

इस दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुडियम, कमलेश पैंकरा, पाकलू तेलम, सन्नू हेमला, कामेश्वर दुब्बा, लक्ष्मण कड़ती, शकुंतला डोडी, आरती पिनन्नपल्ली सहित बड़ी संख्या में सामाजिक पदाधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *