🔥किसानों के हित में विष्णुदेव सरकार का ऐतिहासिक फैसला, 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी धान खरीदी : शिवनारायण पांडेय🔥
21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी, कम उपज होने पर भी मिलेगी पूरी आदान सहायता राशि; किसानों को पंजीयन और खरीदी प्रक्रिया में मिलेगी बड़ी राहत
बीजापुर। छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार किसानों के कल्याण और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर ऐतिहासिक निर्णय ले रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में मंत्रिपरिषद की बैठक में लिए गए 19 महत्वपूर्ण फैसले प्रदेश के विकास और जनकल्याण की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे। यह बात भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता शिवनारायण पांडेय ने अटल सदन कार्यालय बीजापुर में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कही।
शिवनारायण पांडेय ने कहा कि प्रदेश सरकार ने किसानों के हित में बड़ा निर्णय लेते हुए खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में 15 नवंबर 2026 से धान खरीदी प्रारंभ की है। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से धान खरीदा जा रहा है। विशेष बात यह है कि यदि किसी किसान की उपज निर्धारित 21 क्विंटल से कम होती है, तब भी उसे पूरे बोए गए रकबे के आधार पर प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इससे किसानों को आर्थिक सुरक्षा और बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार ने पंजीयन प्रक्रिया को भी सरल बनाया है। पिछले वर्ष पंजीकृत एवं एग्रीस्टैक आईडी युक्त किसानों को इस वर्ष धान विक्रय के लिए दोबारा पंजीयन कराने की आवश्यकता नहीं होगी। किसानों को ऋण पुस्तिका समिति में जमा कराने की बाध्यता से भी राहत दी गई है। डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से धान के रकबे का ऑनलाइन निर्धारण और बायोमेट्रिक आधारित खरीदी की व्यवस्था की गई है।
प्रदेश प्रवक्ता ने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए 360 नए उपार्जन केंद्र प्रारंभ किए जा रहे हैं। इस वर्ष 3100 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से धान खरीदी सुनिश्चित की जाएगी। धान विक्रय के 72 घंटे के भीतर किसानों की राशि सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की जाएगी। सरकार ने इस वर्ष 160 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया है।
उन्होंने कहा कि कृषक उन्नति योजना के माध्यम से पिछले तीन वर्षों में किसानों को कुल 35,904.90 करोड़ रुपये की अंतर राशि प्रदान की गई है। भाजपा सरकार किसानों से किए गए वादों को पूरी ईमानदारी से निभा रही है। जहां किसानों को पहले केवल आश्वासन मिलते थे, वहीं आज सरकार सीधे उनके खातों में सहायता राशि पहुंचा रही है।
शिवनारायण पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार किसान हितैषी फैसलों के माध्यम से प्रदेश के अन्नदाताओं की समृद्धि और खुशहाली के लिए प्रतिबद्ध है।
*धान के साथ गन्ना और दलहन-तिलहन उत्पादकों को भी बड़ी राहत : शिवनारायण पांडेय*
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता शिवनारायण पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार किसानों के हित में ऐतिहासिक फैसले ले रही है। धान की 3100 रुपये प्रति क्विंटल खरीदी, 21 क्विंटल प्रति एकड़ उपार्जन और 13,839 रुपये आदान सहायता दी जा रही है। फसल विविधीकरण के लिए 15 हजार रुपये प्रति एकड़ प्रोत्साहन तथा अन्य फसलों पर 10 हजार रुपये सहायता का प्रावधान है। गन्ना किसानों को 425 रुपये प्रति क्विंटल भुगतान किया जा रहा है। दलहन-तिलहन की समर्थन मूल्य पर खरीदी और कोदो-कुटकी-रागी उपार्जन से किसानों की आय बढ़ाने की पहल की गई है।
इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष घासीराम नाग एवं जिला मीडिया प्रभारी प्रताप यादव उपस्थित रहे।