🔥नैमेड़ पुलिस ने भटकते मिले 74 वर्षीय बुजुर्ग को परिजनों से मिलाया ।🔥
🔥बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी बुजुर्ग को सकुशल परिजनों के सुपुर्द किया गया। परिजनों ने बीजापुर पुलिस का आभार व्यक्त किया।🔥
थाना नैमेड़, जिला बीजापुर (छ.ग.)
दिनांक: 19/11/2026*
थाना नैमेड़ क्षेत्र में पिछले 2-3 दिनों से एक बुजुर्ग व्यक्ति भटकते हुए दिखाई दे रहे थे। इसकी जानकारी मिलने पर थाना नैमेड़ स्टाफ ने बुजुर्ग को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया। उन्हें भोजन, पानी और विश्राम की व्यवस्था दी गई, फिर उनसे आत्मीयता के साथ बातचीत करके उनका नाम-पता पूछा गया।
पूछताछ में बुजुर्ग ने अपना नाम छट्टू सहनी, पिता सांफू सहनी, उम्र 74 वर्ष, निवासी ग्राम करनपुर, थाना बोचहा, जिला मुजफ्फरपुर (बिहार) बताया। उन्होंने बताया कि वे करीब 01 माह पहले मजदूरी के लिए हैदराबाद (तेलंगाना) गए थे। वहाँ से भटकते हुए वे बीजापुर जिले के नैमेड़ क्षेत्र में पहुँच गए।
इसके बाद थाना नैमेड़ पुलिस द्वारा सीसीटीएनएस माड्यूल पर्सन सर्च करते हुए बिहार पुलिस और संबंधित थाना क्षेत्र से संपर्क किया। उपलब्ध जानकारी के आधार पर बुजुर्ग के परिजनों का पता लगाकर उनसे फोन पर बात की गई और उन्हें बुजुर्ग के सकुशल होने की सूचना दी गई। पता चला कि बुजुर्ग के लापता होने पर हैदराबाद में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज है।
सूचना मिलने पर परिजन थाना नैमेड़ पहुँचे। पहचान और आवश्यक कार्यवाही पूरी करने के बाद बुजुर्ग छट्टू सहनी को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। लंबे समय बाद अपने परिजन को सुरक्षित पाकर परिवार भावुक हो गया। परिजनों ने थाना नैमेड़ पुलिस और बीजापुर पुलिस का हृदय से आभार व्यक्त किया।