🔥खास खबर🔥🔥🔥

🔥संभावित चक्रवात एवं अतिवृष्टि से निपटने जिला प्रशासन अलर्ट, अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां🔥

🔥बाढ़ नियंत्रण कक्ष, राहत शिविर, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं बचाव कार्यों की तैयारी सुनिश्चित करने कलेक्टर ने निर्देश🔥

बीजापुर 26 अक्टूबर 2026-

छत्तीसगढ़ शासन, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में दिए गए निर्देशों के परिपालन में जिला प्रशासन बीजापुर द्वारा संभावित चक्रवात, अतिवृष्टि एवं बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। कलेक्टर श्री विश्वदीप के निर्देशन में जिला अधिकारियों की बैठक आयोजित कर जन-धन की सुरक्षा, राहत एवं बचाव कार्यों के प्रभावी संचालन तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को विभागवार जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

वर्षामापक केंद्रों में स्थापित यंत्रों के उचित संधारण, वर्षा संबंधी जानकारी संकलन एवं नवगठित तहसीलों में वर्षामापक यंत्र स्थापित करने की जिम्मेदारी प्रभारी अधिकारी भू-अभिलेख बीजापुर एवं समस्त तहसीलदारों को दी गई है। वहीं जिला बाढ़ नियंत्रण कक्ष को 24 घंटे सक्रिय रखने, ग्राम पंचायतों एवं नागरिकों तक कंट्रोल रूम की जानकारी पहुंचाने प्रभारी अधिकारी राहत शाखा, समस्त तहसीलदार एवं सहायक संचालक जनसंपर्क बीजापुर को सौंपी गई है।

बाढ़ की स्थिति में पहुंचविहीन क्षेत्रों में खाद्य सामग्री, नमक, केरोसीन, जीवन रक्षक दवाइयों की उपलब्धता तथा गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित स्वास्थ्य संस्थाओं तक पहुंचाने की जिम्मेदारी जिला खाद्य अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बीजापुर को दी गई है। पेयजल की शुद्धता, कुओं एवं हैंडपंपों में ब्लीचिंग पाउडर की व्यवस्था कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा सुनिश्चित की जाएगी। बाढ़ संभावित क्षेत्रों की पहचान, सतत निगरानी, प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, राहत शिविरों की व्यवस्था तथा मोटर बोट एवं प्रशिक्षित बचाव दल की उपलब्धता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी समस्त तहसीलदार, समस्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत एवं जिला सेनानी नगर सेना बीजापुर को सौंपी गई है। राहत शिविरों में भोजन, पेयजल, स्वच्छता, पर्याप्त आश्रय एवं नियमित स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था समस्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, तहसीलदार, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा नगरीय निकायों के अधिकारियों को सुनिश्चित करने निर्देश किया गया है।

नगरीय क्षेत्रों में जलभराव रोकने के लिए नाले-नालियों की सफाई, पोर्टेबल पंपों की व्यवस्था तथा असुरक्षित पेड़ों एवं होर्डिंग की सुरक्षा की जिम्मेदारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी बीजापुर एवं मुख्य नगर पंचायत अधिकारी भैरमगढ़ तथा भोपालपटनम को दी गई है। वहीं नदियों एवं जलाशयों के जलस्तर की सतत निगरानी, जल निकासी तथा निचले क्षेत्रों को पूर्व सूचना देने की जिम्मेदारी कार्यपालन अभियंता जल संसाधन विभाग बीजापुर एवं समस्त तहसीलदारों को सौंपी गई है।

बाढ़ से हुई क्षति की जानकारी प्रतिदिन राहत आयुक्त कार्यालय को भेजने, नियंत्रण अधिकारियों की नियुक्ति एवं वर्षा संबंधी रिपोर्टिंग की जिम्मेदारी प्रभारी अधिकारी राहत शाखा, प्रभारी अधिकारी भू-अभिलेख शाखा एवं समस्त तहसीलदारों को दी गई है। आपात स्थिति में सेना अथवा मोटर बोट की आवश्यकता होने पर तत्काल सूचना देने की जिम्मेदारी प्रभारी अधिकारी राहत शाखा एवं जिला सेनानी नगर सेना बीजापुर को सौंपी गई है। राहत एवं बचाव सामग्री की उपलब्धता के लिए प्रभारी अधिकारी राहत शाखा, समस्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार एवं जिला सेनानी नगर सेना को निर्देशित किया गया है। इसी प्रकार स्कूलों, आश्रमों एवं छात्रावासों में साफ-सफाई तथा सर्प-बिच्छुओं से सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग एवं जिला शिक्षा अधिकारी बीजापुर को सौंपी गई है।

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से पालन करते हुए आपसी समन्वय से आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि संभावित आपदा की स्थिति में प्रभावित नागरिकों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके तथा जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed