🔥खास खबर🔥🔥🔥

🔥छत्तीसगढ़ में ओबीसी समाज ने उठाई 27% आरक्षण और पृथक जातिगत जनगणना की मांग🔥

🔥सर्व पिछड़ा वर्ग समाज ने विधायक विक्रम मंडावी को सौंपा तीन सूत्रीय ज्ञापन, सामाजिक न्याय और उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की मांग🔥

 

बीजापुर।

छत्तीसगढ़ में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समाज को 27 प्रतिशत आरक्षण, पृथक जातिगत जनगणना और संवैधानिक अधिकारों का संरक्षण दिलाने की मांग को लेकर सर्व पिछड़ा वर्ग समाज, जिला बीजापुर ने विधायक विक्रम मंडावी को तीन सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। समाज ने मांगों पर शीघ्र पहल करते हुए पिछड़ा वर्ग को आबादी के अनुपात में उचित प्रतिनिधित्व और अधिकार दिलाने की मांग की।

ज्ञापन में समाज की ओर से कहा गया कि छत्तीसगढ़ में अन्य पिछड़ा वर्ग की आबादी 52 प्रतिशत से अधिक होने के बावजूद समाज को अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं मिल पा रहा है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में पिछड़ा वर्ग के प्रतिनिधित्व को लेकर चिंता जताते हुए समाज ने आगामी राष्ट्रीय जनगणना में जातिगत आंकड़ों को स्पष्ट रूप से शामिल करने की मांग की।

बस्तर में मूल निवासियों के अधिकारों और संस्कृति के संरक्षण की मांग

सर्व पिछड़ा वर्ग समाज ने पांचवीं अनुसूची के तहत मूलनिवासी समुदायों को मिलने वाली सुविधाओं, बस्तर संभाग में लंबे समय से निवास कर रहे ओबीसी समुदाय के लोगों के अधिकारों तथा उनकी संस्कृति, परंपराओं, जमीन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का मुद्दा भी उठाया। इसके साथ ही समाज ने पेसा कानून के तहत अधिकारों और प्रावधानों के संदर्भ में ओबीसी समुदाय की स्थिति पर विचार करने की मांग रखी।

आबादी के अनुपात में मिले आरक्षण और प्रतिनिधित्व

जिला अध्यक्ष रामलाल यादव ने कहा कि समाज की ओर से विधायक विक्रम मंडावी से आग्रह किया गया है कि इन महत्वपूर्ण मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए संबंधित मंच पर प्रभावी पहल की जाए, ताकि पिछड़ा वर्ग को उचित अधिकार और प्रतिनिधित्व मिल सके।

वहीं, सर्व पिछड़ा वर्ग समाज के मीडिया प्रभारी के. संतोष कुमार ने कहा कि समाज की मांगें सामाजिक न्याय, समान अवसर और उचित प्रतिनिधित्व से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि ओबीसी समाज को उसकी आबादी के अनुपात में उचित प्रतिनिधित्व, आरक्षण और संवैधानिक अधिकार मिलने चाहिए। उन्होंने सरकार से मांगों पर गंभीरता से विचार कर न्यायसंगत समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने का आग्रह किया।

ज्ञापन सौंपने के दौरान ये रहे उपस्थित

इस दौरान तेलंगा समाज के अध्यक्ष अधिनारायण पुजारी, उपाध्यक्ष दिनेश पुजारी, भैरमगढ़ ब्लॉक से पिछड़ा वर्ग के संरक्षक नकुल सिंह ठाकुर, धनुर्जय यादव, जगदेव यादव, रामकुमार भोगाम, एकन ठाकुर, दयालु यादव, सुनील कुमार, संतुराम नाग और फिरतुराम यादव उपस्थित रहे। भोपालपटनम से सर्व पिछड़ा वर्ग समाज के संरक्षक ए. सुधाकर, नीलम गणपत तथा बीजापुर से जितेंद्र कोंड्रा, शीनू कटला सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *