🔥खास खबर🔥🔥🔥

🔥कलेक्टर श्री विश्वदीप एवं सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे ने ली जिला स्तरीय समीक्षा बैठक, आधार पंजीयन और अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट के लिए विशेष शिविर लगाने के निर्देश🔥

🔥दूरस्थ अंचलों में आधार सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने CHiPS और IPPB के आधार ऑपरेटरों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश🔥

 

बीजापुर, 09 अक्टूबर 2026/

जिले के दूरस्थ एवं अंदरूनी क्षेत्रों में प्रत्येक पात्र नागरिक तक आधार सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने तथा आधार पंजीयन एवं अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (Mandatory Biometric Update–MBU) के कार्य में तेजी लाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री विश्वदीप की अध्यक्षता तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे की उपस्थिति में जिला स्तरीय आधार समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिले में संचालित आधार पंजीयन, आधार अद्यतन एवं अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री विश्वदीप ने CHiPS एवं इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) के आधार ऑपरेटरों को बस्तर मुन्ने अभियान के अंतर्गत विशेष आधार शिविर आयोजित कर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए।

दूरस्थ गांवों में विशेष शिविर लगाकर आधार सेवाओं से लाभान्वित होंगे ग्रामीण

कलेक्टर श्री विश्वदीप ने निर्देशित किया कि जिले के दूरस्थ एवं पहुंचविहीन क्षेत्रों में आधार सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाकर शिविरों का आयोजन किया जाए। विशेष रूप से ऐसे बच्चों एवं नागरिकों को प्राथमिकता दी जाए, जिनका आधार पंजीयन नहीं हुआ है अथवा जिनका अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट लंबित है।

उन्होंने कहा कि आधार पंजीयन एवं अद्यतन की सुविधा ग्रामीणों को उनके नजदीकी क्षेत्रों में उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें आधार संबंधी कार्यों के लिए अनावश्यक दूरी तय न करनी पड़े। शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करते हुए निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित की जाए।

बच्चों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट पर विशेष जोर

बैठक में बच्चों के आधार कार्ड में अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (MBU) की प्रगति पर विशेष चर्चा की गई। उल्लेखनीय है कि आधार संबंधी निर्धारित प्रावधानों के अनुसार बच्चों के 5 वर्ष एवं 15 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर बायोमेट्रिक जानकारी अपडेट कराना आवश्यक होता है।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं आधार ऑपरेटरों को निर्देश दिए कि ऐसे बच्चों की पहचान कर विशेष शिविरों के माध्यम से बायोमेट्रिक अपडेट का कार्य प्राथमिकता से पूरा किया जाए। इसके लिए शिक्षा विभाग सहित संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने पर जोर दिया गया |

सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे ने दिए समन्वय से कार्य करने के निर्देश

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे ने आधार सेवाओं की प्रगति में तेजी लाने के लिए संबंधित विभागों एवं आधार ऑपरेटरों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बस्तर मुन्ने अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविरों का लाभ अधिक से अधिक बच्चों एवं ग्रामीणों तक पहुंचाया जाए।

उन्होंने आधार पंजीयन एवं बायोमेट्रिक अपडेट के लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से पूर्ण करने तथा शिविरों की प्रगति की नियमित समीक्षा करने पर जोर दिया।

शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति के लिए CHiPS और IPPB के ऑपरेटरों को जिम्मेदारी

बैठक में CHiPS एवं इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के आधार ऑपरेटरों को निर्धारित क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित करने, आधार पंजीयन एवं बायोमेट्रिक अपडेट के कार्य में तेजी लाने तथा पात्र हितग्राहियों को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य आधार सेवाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाना तथा आधार संबंधी आवश्यक प्रक्रियाओं के अभाव में नागरिकों को शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में आने वाली कठिनाइयों को कम करना है।

बैठक में जिला आधार मैनेजर, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के मैनेजर सहित CHiPS एवं IPPB के आधार ऑपरेटर उपस्थित रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed