🔥स्वच्छ भारत अभियान-6.0 के तहत 170 और 168 बटालियन CRPF ने किया श्रमदान ।🔥
🔥केंद्रीय विद्यालय बीजापुर में ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ अभियान के जरिए दिया स्वच्छता का संदेश🔥
बीजापुर।
स्वच्छ भारत अभियान-6.0 के अंतर्गत 170वीं एवं 168वीं बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) द्वारा शनिवार, 10 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रव्यापी विशेष श्रमदान अभियान का आयोजन किया गया। ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ की थीम पर आयोजित यह कार्यक्रम सुबह 7 से 8 बजे तक केंद्रीय विद्यालय, बीजापुर में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम श्री सरकार राजा रमन, कमांडेंट-170वीं वाहिनी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस दौरान CRPF के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, जवानों तथा केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान कर स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।
इस अवसर पर केंद्रीय विद्यालय बीजापुर के प्राचार्य श्री दशरथ बारमीरा सहित अधिकारियों, जवानों एवं विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से स्वच्छता गतिविधियों में भाग लिया। सभी ने सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
उल्लेखनीय है कि 170वीं बटालियन CRPF छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के संवेदनशील एवं चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में नक्सल विरोधी अभियानों में तैनात है। सुरक्षा संबंधी दायित्वों के साथ-साथ बटालियन सामाजिक कल्याण, जन-जागरूकता और नागरिक सहायता से जुड़े कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाती रही है।
स्वच्छ भारत अभियान-6.0 के तहत आयोजित इस श्रमदान कार्यक्रम के माध्यम से जवानों एवं विद्यार्थियों ने स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने और स्वच्छ, स्वस्थ एवं पर्यावरण के अनुकूल समाज के निर्माण का संदेश दिया।