खास खबर🔥🔥🔥

महानिरीक्षक अनिल कुमार ने किया 85वीं बटालियन सीआरपीएफ का तीन दिवसीय निरीक्षण, जवानों का बढ़ाया हौसला ।

बीजापुर। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के मध्य सेक्टर, लखनऊ के

महानिरीक्षक श्री अनिल कुमार ने 17 से 19 जुलाई 2026 तक बीजापुर जिले में तैनात 85वीं बटालियन सीआरपीएफ का तीन दिवसीय द्विवार्षिक निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने नक्सल प्रभावित संवेदनशील क्षेत्रों में संचालित विभिन्न कैंपों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और जवानों का उत्साहवर्धन किया।

निरीक्षण के दौरान महानिरीक्षक ने कमांडेंट श्री सुनील कुमार राही के साथ बटालियन मुख्यालय नयापारा, बीजापुर के अलावा मुदवेण्डी, पुसनार और हिरोली स्थित अग्रिम कैंपों का भ्रमण किया। उन्होंने जवानों को बीजापुर को नक्सलमुक्त बनाने में निभाई गई उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के लिए बधाई दी।

महानिरीक्षक ने जवानों से कहा कि नक्सल गतिविधियों में कमी आने के बावजूद सुरक्षा बलों को पहले की तरह पूरी सतर्कता और सजगता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा, ताकि क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनी रहे और किसी भी अप्रिय घटना की संभावना न रहे।

दौरे के दौरान उन्होंने जवानों से आत्मीय संवाद किया, उनकी कुशलक्षेम पूछी तथा उन्हें शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही सैनिक सम्मेलन आयोजित कर बल के दिशा-निर्देशों, कल्याणकारी योजनाओं एवं प्रशासनिक विषयों की जानकारी दी। सम्मेलन में जवानों की समस्याएं भी सुनी गईं और उनके त्वरित निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।

महानिरीक्षक का यह दौरा जवानों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *