ट्राइबल मंत्री रामविचार नेताम से जानकी कोरसा व श्रीनिवास रेड्डी की सौजन्य भेंट, बीजापुर-बस्तर की समस्याओं से कराया अवगत ।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के आदिम जाति एवं अनुसूचित जनजाति विकास मंत्री रामविचार नेताम से जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी कोरसा और पूर्व सांसद प्रतिनिधि श्री श्रीनिवास रेड्डी ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों ने बीजापुर एवं बस्तर अंचल की विभिन्न जनसमस्याओं और क्षेत्र के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर मंत्री का ध्यान आकर्षित किया।
बैठक में आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, रोजगार सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास पर विस्तार से चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए विकास कार्यों में तेजी लाने का आग्रह किया।
ट्राइबल मंत्री रामविचार नेताम ने सभी विषयों को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित एवं प्रभावी निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आदिवासी अंचलों के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है तथा विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर मंत्री ने पूर्व सांसद प्रतिनिधि श्री श्रीनिवास रेड्डी द्वारा क्षेत्र की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और जनहित के कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका की सराहना की। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी कोरसा के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों के विकास, महिलाओं के सशक्तिकरण और जनहित के मुद्दों को लगातार उठाने के प्रयासों की भी प्रशंसा की।
क्षेत्रवासियों ने इस मुलाकात का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इससे बीजापुर और बस्तर अंचल की लंबित समस्याओं के समाधान तथा विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।