• खास खबर🔥🔥🔥🌳🌴

गुंजेपट्टी क्षेत्र में 229वीं वाहिनी, सीआरपीएफ द्वारा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायी आयोजन🌴🌿

 

 

बीजापुर जिले के करेगुट्टा पहाड़ी के समीप स्थित गुंजेपट्टी क्षेत्र में 229वीं वाहिनी, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता को समर्पित “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम 229वीं वाहिनी के कमांडेंट श्री ब्रजेश कुमार सिंह के कुशल मार्गदर्शन एवं प्रेरणा तथा उप कमांडेंट श्री कुनाल कुमार के दिशा-निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का सफल संचालन सी/कंपनी के कंपनी कमांडर निरीक्षक अरूपानंद नायक के नेतृत्व एवं पर्यवेक्षण में किया गया।

कार्यक्रम के दौरान सी/कंपनी के जवानों ने स्थानीय गुंजेपट्टी प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों के साथ मिलकर पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ एवं शुद्ध वातावरण तथा वृक्षों के महत्व पर विस्तृत जागरूकता अभियान चलाया। उपस्थित बच्चों एवं ग्रामीणों को बताया गया कि “शुद्ध वायु ही जीवन का आधार है तथा वृक्ष पृथ्वी के अमूल्य धरोहर हैं।” सभी को अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प दिलाया गया।

इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से प्रेरणा लेते हुए सी/कंपनी के प्रत्येक जवान ने अपनी मातृशक्ति के सम्मान, उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करते हुए एक-एक पौधे का रोपण किया। स्थानीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण में भाग लिया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान जवानों का उत्साह, अनुशासन, पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता एवं राष्ट्र सेवा का जज़्बा अत्यंत प्रेरणादायक एवं उच्च कोटि का रहा। इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि सीआरपीएफ केवल आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि समाज में पर्यावरण संरक्षण, जन-जागरूकता, सामाजिक सहभागिता एवं जनविश्वास को सुदृढ़ करने के लिए भी निरंतर प्रतिबद्ध है।

229वीं वाहिनी का यह सराहनीय प्रयास नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा के साथ-साथ प्रकृति संरक्षण, सामाजिक समरसता, जनकल्याण एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति सीआरपीएफ की अटूट प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed