खास खबर🔥🔥🔥

20 साल पुराने कांग्रेस के गढ़ पर भाजपा की नजर, भोपालपटनम फतह के लिए चुनावी बिगुल।🔥🔥🔥

प्रदेश उपाध्यक्ष जी. वेंकट ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश, बोले- बूथ जीता तो चुनाव जीता; 65 बूथों और 16 शक्ति केंद्रों पर बनेगी मजबूत संगठनात्मक पकड़।

भोपालपटनम। आगामी नगर पंचायत चुनाव को लेकर भाजपा ने भोपालपटनम में अपनी चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। नगर के सामुदायिक भवन में आयोजित भाजपा मंडल कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष जी. वेंकट ने संगठन की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं में जीत का मंत्र फूंका। बैठक में दिसंबर में प्रस्तावित नगर पंचायत चुनाव के मद्देनजर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने और कांग्रेस के दो दशक पुराने गढ़ को भेदने की रणनीति पर विस्तार से मंथन किया गया।

प्रदेश उपाध्यक्ष जी. वेंकट ने कहा कि नगर पंचायत चुनाव भाजपा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और जीत की कुंजी बूथ स्तर की मजबूती में छिपी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ पर सक्रिय रहकर जनसंपर्क बढ़ाने, केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया। बैठक में 65 पोलिंग बूथों पर बूथ समितियों के गठन और 16 शक्ति केंद्रों के गठन पर चर्चा हुई। साथ ही प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को सभी बूथों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को प्रमुखता से सुनने और अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के निर्देश दिए गए।

15 वार्डों में कांग्रेस का कब्जा, भाजपा ने बनाई बदलाव की रणनीति।

भोपालपटनम नगर पंचायत में पिछले लगभग 20 वर्षों से कांग्रेस का वर्चस्व कायम है। वर्तमान में नगर पंचायत के 15 के 15 वार्डों में कांग्रेस के पार्षद निर्वाचित हैं तथा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के पद पर भी कांग्रेस का कब्जा है। ऐसे में भाजपा इस बार पूरे दमखम के साथ चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। बैठक में इस मजबूत कांग्रेस गढ़ को भेदने के लिए वार्डवार रणनीति तैयार की गई और कार्यकर्ताओं को अभी से सक्रिय होकर जनता के बीच काम करने के निर्देश दिए गए।
प्रदेश उपाध्यक्ष जी. वेंकट ने कहा कि भाजपा सरकार विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है और नगर पंचायत में भी विकास की नई तस्वीर प्रस्तुत करने के लिए पार्टी पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय, अनुशासन और जनसंपर्क अभियान को और तेज करने का आह्वान किया।
बैठक में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीनिवास मुदलियार, भाजपा जिलाध्यक्ष घासीराम नाग, मंडल अध्यक्ष नरसिंह रेड्डी, नीलम गणपत, कविता कोराम, सरिता कुड़ेम, जया देवी चिड़ेम, रिंकी परस्ते, कीर्ति बापू, फारुख खान, अरुण भगत, गिरजा शंकर, बिलाल खान, पी. आनंद, ए. श्रीनिवास, कोयलकर सीनू सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बॉक्स- चुनावी रणनीति के माहिर माने जाते हैं – जी. वेंकट

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जी. वेंकट को संगठन का अनुभवी चुनावी रणनीतिकार माना जाता है। बस्तर संभाग सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में वे संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। वे बस्तर के चुनाव प्रभारी रहने के साथ ही भिलाई समेत कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी चुनावी प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। उनके मार्गदर्शन में पार्टी ने कई चुनावों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।संगठन के भीतर जी. वेंकट की पहचान ऐसे रणनीतिकार के रूप में है, जो बूथ प्रबंधन, कार्यकर्ताओं के समन्वय और जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने की प्रभावी रणनीति तैयार करते हैं। चुनावी समीकरणों की गहरी समझ और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की उनकी शैली को भाजपा की बड़ी ताकत माना जाता है। यही वजह है कि महत्वपूर्ण चुनावों में पार्टी नेतृत्व अक्सर उन्हें रणनीतिक जिम्मेदारी सौंपता है और उनके नेतृत्व में संगठन बेहतर प्रदर्शन करने में सफल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *